जैसलमेर जिले के पोकरण और रामदेवरा क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बारिश और बाद में अंधड़ के दूसरी ओर जैसलमेर मुख्यालय पर उमस का दौर जारी रहा, वहीं तापमान में इजाफा होने से गर्मी और चमक गई।
जैसलमेर जिले के पोकरण और रामदेवरा क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बारिश और बाद में अंधड़ के दूसरी ओर जैसलमेर मुख्यालय पर उमस का दौर जारी रहा, वहीं तापमान में इजाफा होने से गर्मी और चमक गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया, जो गत गुरुवार को 40.5 डिग्री था। वैसे जैसलमेर में न्यूनतम तापमान गुरुवार की भांति शुक्रवार को भी 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह आकाश में धूल की गर्द छाई हुई थी लेकिन दोपहर के समय शहर में धूप के तीखे तेवरों के साथ चली हवा ने एक तरह से लू के थपेड़ों का अहसास करवाया। उस समय आकाश लगभग साफ ही रहा। शाम के समय गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
पोकरण कस्बे में दिनभर गर्मी, उमस व आंधी के बाद शाम को बारिश का दौर चला। शाम करीब साढ़े सात बजे तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 10 मिनट तक हुई बारिश से सड़कें तरबतर हो गई। साथ ही तेज हवा चलने से मौसम ठंडा व सुहावना हो गया। बारिश से पूर्व सात बजे चली तेज आंधी के कारण कस्बे की बिजली गुल हो गई, जो देर रात तक सुचारू हो सकी।