जैसलमेर

प्रतिबंधित क्षेत्रों में ‘रहस्यमय प्रवेश’ , सीमा सुरक्षा ढांचे की मजबूती की दरकार

सरहदी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में हाल ही में तेलंगाना के एक युवक को प्रतिबंधित क्षेत्र में पकड़े जाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया है।

2 min read
Mar 05, 2026

सरहदी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में हाल ही में तेलंगाना के एक युवक को प्रतिबंधित क्षेत्र में पकड़े जाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में ला दिया है। गिरफ्तारी त्वरित रही, लेकिन उससे बड़ा सवाल यह है कि वह व्यक्ति संवेदनशील थानाक्षेत्र तक पहुंचा कैसे? जैसलमेर भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा रणनीतिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण जिला है। सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवान और सेना के जवान लगातार चौकसी बरतते हैं और घुसपैठ के प्रयासों को विफल करते रहे हैं। बाहरी सुरक्षा कवच मजबूत माना जाता है, लेकिन प्रतिबंधित आंतरिक क्षेत्रों तक संदिग्धों की पहुंच यह संकेत देती है कि निगरानी तंत्र की किसी परत में शिथिलता या तकनीकी अंतराल मौजूद है।

प्रवेश प्रणाली: कागजों पर सख्त, जमीन पर चुनौती

क्रिमिनल संशोधन एक्ट 1996 के तहत अधिसूचित थाना क्षेत्रों में बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः अनुमति आधारित है। प्रक्रिया बहु-स्तरीय है— उपखंड मजिस्ट्रेट से पूर्व स्वीकृति, संबंधित थाना स्तर पर सत्यापन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जांच, निर्धारित अवधि (अधिकतम 15 दिन) की सीमित अनुमति। बिना अनुमति प्रवेश दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद संदिग्ध व्यक्तियों का प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच जाना व्यवस्था की प्रभावशीलता पर प्रश्न खड़े कर रहा है।

पहले भी मिल चुके हैं चेतावनी संकेत

यह पहली घटना नहीं है। सीमावर्ती जिले में पूर्व जासूसी से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां, प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन के साथ धरपकड़, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी रिपोर्ट व जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2008 में सीमा से जुड़े एक गंभीर प्रकरण के बाद कानून को और कड़ा किया गया था। बदलती चुनौतियों के बीच पारंपरिक निगरानी मॉडल पर्याप्त नहीं दिख रहा।

असली सवाल: एंट्री प्वाइंट कहां है ?

ग्रामीणों की जागरूकता कई मामलों में सुरक्षा एजेंसियों के लिए पहली सूचना पंक्ति साबित हुई है। पुलिस और खुफिया तंत्र की सक्रियता से संदिग्धों को समय रहते पकड़ लिया जाता है, लेकिन सुरक्षा की कसौटी केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि रोकथाम है।
विशेषज्ञों के अनुसार प्रमुख चिंताएं:
-प्रतिबंधित क्षेत्रों में मूवमेंट की रियल-टाइम ट्रैकिंग का अभाव

-परमिट प्रक्रिया का पूर्ण डिजिटल एकीकरण न होना

-सीमांत गांवों में बाहरी गतिविधियों की निगरानी की चुनौती

  • एजेंसियों के बीच डेटा-शेयरिंग सिस्टम को और मजबूत करने की आवश्यकता

-संवेदनशील इलाकों में समय-समय पर विशेष ऑडिट की जरूरत

हकीकत : रणनीतिक परिप्रेक्ष्य

जैसलमेर केवल भौगोलिक सीमा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का अग्रिम मोर्चा है। यहां छोटी सी चूक भी व्यापक परिणाम ला सकती है। पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ के प्रयासों का इतिहास रहा है, जिन्हें सीमा पर तैनात बलों ने विफल किया है। लेकिन आंतरिक रेड जोन में अनधिकृत प्रवेश की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि सुरक्षा अब बहुस्तरीय तकनीकी मॉडल की मांग करती है।

इनकी है दरकार

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि—
-परमिट प्रणाली को पूर्णतः ऑनलाइन और ट्रैकिंग आधारित बनाया जाए

-संवेदनशील क्षेत्रों में बायोमेट्रिक एंट्री सिस्टम लागू हो

-स्थानीय स्तर पर सामुदायिक निगरानी नेटवर्क मजबूत किया जाए

-प्रतिबंधित क्षेत्रों का नियमित सुरक्षा ऑडिट हो

  • सीमांत जिले में सुरक्षा केवल दावे नहीं, बल्कि निरंतर परिष्कृत होती प्रक्रिया है।
Published on:
05 Mar 2026 08:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर