जैसलमेर

पोकरण: निकाली शौर्य यात्रा, देशभक्ति गीतों से गूंजी परमाणु नगरी

भारतीय सैन्य बलों की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर रविवार की शाम कस्बे में ऑपरेशन सिंदूर शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया।

2 min read
May 25, 2025

भारतीय सैन्य बलों की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर रविवार की शाम कस्बे में ऑपरेशन सिंदूर शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ बीएसएफ अधिकारियों व आमजन ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा झंडे व केसरिया पताकाएं लिए महिलाओं व लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। डीजे की धुन पर देशभक्ति गीतों पर झूमते हुए भारत माता के जयकारों के साथ निकाली गई यात्रा से परमाणु नगरी पोकरण की फिजाएं गूंज उठी। कस्बे के पोकरण फोर्ट के द्वार पर नागेन्द्रसिंह पोकरण, परमविजयसिंह, पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, बीएसएफ के द्वितीय कमान अधिकारी राजेन्द्रसिंह चौधरी, उपसमादेष्टा जीएस राठौड़, भाजपा नेत्री सुनीता भाटी, एबीवीपी जोधपुर प्रांत की आयाम कार्यगतिविध प्रमुख डॉ.कंचन चारण आदि ने तिरंगा झंडे दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा गांधी चौक, फोर्ट रोड, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, जयनारायण व्यास सर्किल, अस्पताल रोड, जोधपुर रोड होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची। इस दौरान रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

देश की महिलाओं में राष्ट्र के प्रति सम्मान

राउमावि में आयोजित सभा में मुख्य वक्ता डॉ.कंचन चारण ने कहा कि हमारे देश के नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सेना के शौर्य व परिक्रम का परिणाम है कि ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा। यहां देश की महिलाओं में भी राष्ट्र के प्रति सम्मान है। इसी का परिणाम है कि आज पूरे देशभर में ऑपरेशन सिंदूर शौर्य यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रवादी नेतृत्व व सैन्य बलों पर गर्व है। जिसके कारण पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ढहाकर करारा जवाब दिया है। उन्होंने शौर्य यात्रा में आई महिलाओं का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जब देश की नारी आगे बढ़ती है तो देश आगे बढ़ता है और देश की सीमाएं मजबूत होती है। देश की सेना के अदम्य साहस व शौर्य के कारण ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकवादियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। हमारी मजबूत सरकार ने आतंकवाद को एक नया संदेश दिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चेतावनी दी है कि जो व्यक्ति आतंकवाद का सहयोग करेगा, वह भी आतंकवादी होगा। उन्होंने इसी तरह महिलाओं को राष्ट्रसेवा में आगे बढक़र कार्य करने का आह्वान किया।

इन्होंने भी रखे विचार

सभा में नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, नागेन्द्रसिंह पोकरण, बीएसएफ के द्वितीय कमान अधिकारी राजेन्द्रसिंह ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की संयोजिका कुसुम जोशी ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला और सभी का स्वागत किया। संचालन चंद्रकांता राठी ने किया। गीता राठौड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Published on:
25 May 2025 10:42 pm
Also Read
View All

अगली खबर