जैसलमेर

10 घंटे बाद बिजली सुचारु, मिली राहत… देर रात तक तक मशक्कत, देचू से शुरू की लाइन

पोकरण. क्षेत्र में रविवार को तेज आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लडख़ड़ा गई, जो करीब 10 घंटे बाद सुचारु हो सकी, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि रविवार दोपहर बाद करीब 4 बजे क्षेत्र में तेज आंधी का दौर चला। ऐसे में देचू 220 केवी ग्रिड से आ रही विद्युत लाइन मड़ला गांव के पास टूट गई।

2 min read
Jun 01, 2026
light news patrika pokaran
पोकरण. मड़ला लाइन को ठीक करने की मशक्कत करती टीम। पत्रिका

पोकरण. क्षेत्र में रविवार को तेज आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लडख़ड़ा गई, जो करीब 10 घंटे बाद सुचारु हो सकी, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि रविवार दोपहर बाद करीब 4 बजे क्षेत्र में तेज आंधी का दौर चला। ऐसे में देचू 220 केवी ग्रिड से आ रही विद्युत लाइन मड़ला गांव के पास टूट गई।

इसके साथ ही चांधन 132 केवी जीएसएस से पोकरण लगाई गई विद्युत लाइन के बड़े टावर गिर गए, जिसके कारण पोकरण कस्बे सहित 132 केवी जीएसएस से जुड़े गांवोंं में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। जिसके बाद डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता भैराराम चौधरी पोकरण पहुंचे और अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं पर समीक्षा की।

वैकल्पिक व्यवस्था की, लेकिन वॉल्टेज कम

डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता चौधरी के निर्देश पर भणियाणा सहायक अभियंता मोहनराम के नेतृत्व में टीम ने हरियासर जीएसएस से रात करीब 9 बजे विद्युत आपूर्ति शुरू की, लेकिन लोड अधिक हो जाने से वॉल्टेज नहीं मिल पाया। जिससे घरों में कूलर, एसी, फ्रीज आदि नहीं चल पा रहे थे।

देर रात सुचारु की आपूर्ति

पोकरण शहर के कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर देचू लाइन को सुचारु करने के निर्देश दिए गए थे, जिस पर वे टीम के साथ मड़ला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मशक्कत कर देर रात करीब डेढ़ बजे लाइन को ठीक किया और 132 केवी जीएसएस पर विद्युत आपूर्ति शुरू की। मध्यरात्रि बाद करीब 2 बजे कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु हुई और पूरा वॉल्टेज मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली।

तेज आंधी के बाद चला हल्की बारिश का दौर, गर्मी से राहत

पोकरण क्षेत्र में गत कुछ दिनों से मौसम में हो रहे बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सोमवार सुबह से ही गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ था। सुबह 10 बजे बाद तापमान में हुई बढ़ोतरी से गर्मी का असर बढ़ गया और आमजन का बेहाल हुआ। दोपहर में आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही हुई। दोपहर बाद करीब 4 बजे पूर्व दिशा से रेत के गुबार उठे और कुछ ही देर में पूरा कस्बा रेत की आगोश में समा गया। करीब पौन घंटे तक तेज आंधी का असर रहा। जिससे जन-जीवन प्रभावित हो गया। करीब 6 बजे तेज बौछारों के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 5 मिनट तक हुई हल्की बारिश से सड़कें तर हो गई और मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर रात तक भी आसमान में बादल छाए हुए थे और तेज हवाएं चल रही थी।

तीन पंचायतों में जनसुनवाई 4 को

जैसलमेर जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने माह जून में होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रमों और रात्रि चौपालों के संबंध में आदेश जारी किए हैं। आगामी 4 जून को तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों में ये कार्यक्रम आयोजित होंगे। पंचायत समिति नाचना के ग्राम पंचायत घंटियाली में अतिरिक्त जिला कलेक्टर जनसुनवाई करेंगे। इसी तरह, पंचायत समिति भणियाणा के ग्राम पंचायत राजगढ में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, पंचायत समिति सम के ग्राम पंचायत रायमला में सचिव नगर विकास न्यास आमजन से संवाद करेंगे।


Published on:
01 Jun 2026 09:08 pm