जैसलमेर

सत्याया गांव में 1900 लीटर ऑयल चुरा ले गए चोर

नाचना क्षेत्र के सत्याया गांव में स्थित डिस्कॉम के जीएसएस पर लगे पॉवर ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों ने 1900 लीटर ऑयल चोरी कर लिया, जिसको लेकर कनिष्ठ अभियंता की ओर से पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया है।

less than 1 minute read
Jun 14, 2024

नाचना क्षेत्र के सत्याया गांव में स्थित डिस्कॉम के जीएसएस पर लगे पॉवर ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों ने 1900 लीटर ऑयल चोरी कर लिया, जिसको लेकर कनिष्ठ अभियंता की ओर से पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में गत 7 जून को आए तूफान से 132 केवी लाइन का टावर टूटने से सभी 33 केवी फीडर बंद हो गए थे, साथ ही सैकड़ों विद्युत पोल भी गिर गए थे। ऐसे में नाचना क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांव व ढाणीयो में बिजली गुल हो गई थी। लोहारकी गांव के पास 8 किलोमीटर नई विद्युत लाइन लगाकर विद्युतापूर्ति शुरू करवाने में विद्युत विभाग नाचना की पूरी टीम दिन-रात कार्य कर रही थी। इस दौरान गत 10 जून की रात को चोरों ने सत्याया जीएसएस के पावर ट्रांसफार्मर से 1900 लीटर ऑयल चुरा लिया। गुरुवार को बिजली विभाग नाचना के कनिष्ठ अभियंता की ओर से नाचना थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने सत्याया फांटा जीएसएस में लगे पावर ट्रांसफार्मर के ऊपर लगे कवर की वेल्डिंग तोड़कर 1900 लीटर तेल चोरी कर लिया। विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता सुभाष चौधरी ने गुरुवार को पुलिस थाना नाचना में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

24 घंटे अंधेरे में रहे 4 गांव

सत्याया फांटा जीएसएस से चार गांव सत्याया, ता़ड़ाना, सेवड़ा, बहादुरसिंह की ढाणी में विद्युतापूर्ति की जाती है। ऑयल चोरी होने से विद्युतापूर्ति व्यवस्था बाधित रही, साथ ही कृषि व गैर कृषि उपभोक्ताओं को 24 घंटे तक भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।

Published on:
14 Jun 2024 10:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर