जैसलमेर

निखर रहे पर्यटन स्थल, सौन्दर्यकरण कार्यों ने पकड़ी रफ्तार

शहर के ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व वाले क्षेत्रों में नगरपरिषद की ओर से करोड़ों रुपए की लागत से सौन्दर्यकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

2 min read
May 13, 2026
photo patrika

जैसलमेर का पर्यटन सीजन वर्तमान में लगभग ठप है और भीषण गर्मी में नाममात्र के पर्यटक ही जैसलमेर पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ ऑफ सीजन और गर्मी के कारण भीड़भाड़ में कमी के बीच स्वर्णनगरी के प्रमुख पर्यटन स्थलों को नए स्वरूप में ढालने का काम जोर पकड़ चुका है। शहर के ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व वाले क्षेत्रों में नगरपरिषद की ओर से करोड़ों रुपए की लागत से सौन्दर्यकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आगामी पर्यटन सीजन से पहले इन कार्यों को पूरा करने की दिशा में काम चल रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को स्वर्णनगरी भ्रमण के दौरान अधिक आकर्षक और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

फर्श निर्माण कार्य जोरों पर

शहर के प्रमुख कलात्मक पटवा हवेली क्षेत्र में इन दिनों पर्यटकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने और क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ाने के उद्देश्य से नए आकर्षक फर्श का निर्माण कराया जा रहा है। संकरी गलियों और ऐतिहासिक हवेलियों के बीच बनने वाला यह नया फर्श पारंपरिक रंगत के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे न केवल पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की समग्र छवि भी निखरेगी। यह कार्य जैसलमेरी पत्थर से हो रहा है।

छतरियों की ली जा रही सुध

गड़ीसर क्षेत्र में की कलात्मकता में चार चांद लगाने वाली छतरियों को पुनर्जीवन दिया जा रहा है। बीते कई वर्षों से जर्जर हो चुकी छतरियों व उनकी पूरी संरचना को आकर्षक ढंग से संवारा जा रहा है। 40 लाख रुपए की लागत से यहां पारंपरिक शैली में छतरियों का निर्माण कराया जा रहा है। पीले पत्थरों पर आधारित यह निर्माण कार्य क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करेगा। गड़ीसर पहले से ही पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा है और अब यहां विकसित हो रही नई संरचनाएं इसकी भव्यता में इजाफा करने का काम करेंगी। शाम के समय यहां का दृश्य और अधिक मनोहारी बनाने के लिए भी योजनाएं बनाई जा रही हैं।

क्लॉक टावर का निर्माण तेजी पर

शहर के सबसे प्रमुख हनुमान चौराहा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सौन्दर्यकरण कार्य जारी हैं। यहां चौराहा सर्किल का नवनिर्माण जारी है। जहां क्लॉक टावर की स्थापना की जाएगी। जैसलमेरी पत्थर से बनने वाले क्लॉक टावर और उसके आसपास की संरचनाओं पर करीब 90 लाख रुपए का खर्च किया जाएगा। सम जाने वाले मार्ग की शुरुआत इस जगह से होती है और इसके अलावा प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग इस क्षेत्र से आवाजाही करते हैं। लोगों का मानना है कि इसका पर्यटकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद आगामी सीजन में जैसलमेर आने वाले पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।

महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर

जैसलमेर शहर में कई महत्वपूर्ण कार्य इन दिनों प्रगति पर हैं। आधुनिकता के साथ पारंपरिक वास्तुकला का समावेश जैसलमेर की पहचान को और मजबूत करेगा। शहर को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक व्यवस्थित व विश्वस्तरीय स्वरूप देने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

  • लजपालसिंह सोढ़ा, आयुक्त, नगरपरिषद जैसलमेर
Updated on:
13 May 2026 09:09 pm
Published on:
13 May 2026 09:08 pm
Also Read
View All