जैसलमेर पहुंचने पर किया स्वागत
जैसलमेर. सांसारिक सुख वैभव एवं मोहमाया का पूर्ण रूप से त्याग कर आचार्य पीयूष सूरीश्वर महाराज के सानिध्य में यौवनवय में जैन भगवती दीक्षा ग्रहण करने जा रहे छतीसगढ़ निवासी मुमुक्षु रजत भाई चौपड़ा एवं मुमुक्षु संयम भाई पारख का जैसलमेर पहुंचने पर जैन ट्रस्ट एवं सकल जैन संघ जैसलमेर ने स्वागत किया।
प्रवक्ता पवन कोठारी ने बताया कि मुमुक्षु भाई जैसलमेर पंचतीर्थी की यात्रा करने के लिए अपने माता पिता सहित आए थे। वे यहां के कलात्मक जिनालय एवं ज्ञान भंडार के दर्शन कर अभिभूत हुए।क्षेत्रीय सभा जैसलमेर के अध्यक्ष महेन्द्र भाई बाफना ने उनसे आग्रह किया कि दीक्षा के बाद जैसलमेर चातुर्मास की भावना अवश्य रखें। जैन ट्रस्ट के ट्रस्टी अर्जुनसिंह भंसाली ने रत्न पाषाण से निर्मित कल्पवृक्ष का प्रारूप उन्हें भेंट किया। मुमुक्षु भाइयों ने कहा कि जैसलमेर पंचतीर्थी की यात्रा कर जो सुख का अनुभव हुआ, उसे शब्दों से वर्णित नहीं किया जा सकता। यदि गुरू आदेश प्राप्त हुआ तो चातुर्मास के लिए अवश्य आएंगे। इस अवसर पर ट्रस्टी नेमीचंद बागचार, नवीन राखेचा, व्यवस्थापक विमल जैन, गीता बरडिय़ा सहित संघ के मौजीज सदस्य मौजूद रहे।