
लाठी (जैसलमेर). सरहदी जिले के वन्यजीव और पक्षी बाहुल्य लाठी क्षेत्र में इस वर्ष पहली बार येलो बिटर्न प्रजाति का बगुला दिखाई दिया। कस्बे में ठाकुर दान सिंह की छतरियों के पास स्थित तालाब में नजर आए। क्षेत्र में इसकी पहली मौजूदगी दर्ज होने से पर्यावरणप्रेमियों और पक्षी प्रेमियों में उत्साह है। राजस्थान के अन्य जिलों में यह प्रजाति पहले भी देखी जा चुकी है, लेकिन लाठी में पहली बार दिखाई देना स्थानीय जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
येलो बिटर्न बगुला प्रजाति का आकर्षक पक्षी है। इसकी लंबाई लगभग 36 से 38 सेंटीमीटर होती है। पीले रंग, छोटी गर्दन और लंबी चोंच इसकी प्रमुख पहचान हैं। यह छोटी मछलियों, कीट-पतंगों और उभयचर जीवों को भोजन बनाता है। तालाबों, जलभराव वाले क्षेत्रों और सरकंडों से घिरी जगहों पर इसका रहवास रहता है। प्रजनन काल में यह ऊंची घास और सरकंडों के बीच घोंसला बनाता है।
लाठी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता में एक नया पक्षी जुड़ गया है। ठाकुर दान सिंह की छतरियों के पास स्थित तालाब में इस वर्ष पहली बार दुर्लभ येलो बिटर्न प्रजाति का बगुला नजर आया। स्थानीय स्तर पर इस प्रजाति की पहली मौजूदगी दर्ज होने से पक्षी प्रेमियों और पर्यावरणप्रेमियों में उत्साह है।
पर्यावरणप्रेमी पार्थ जगाणी के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से सर्दियों की शुरुआत के साथ जैसलमेर में पक्षियों की नई प्रजातियां दिखाई दे रही हैं। यह क्षेत्र की जैव विविधता के लिए सकारात्मक संकेत है। इनकी मौजूदगी से पक्षी विशेषज्ञों को अध्ययन और शोध के नए अवसर भी मिलेंगे।
लाठी. क्षेत्र के सोढाकोर गांव के पास गुरुवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 11 पर गाय को बचाने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क से नीचे उतरकर फिसल गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों मजदूर मोटरसाइकिल पर सवार होकर चांधन गांव से लाठी की तरफ आ रहे थे। इस दौरान सोढाकोर गांव के पास अचानक मोटरसाइकिल के सामने गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे मोटरसाइकिल सड़क से नीचे उतरकर फिसल गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार रिंकू सैनी (24) पुत्र दिनेश सैनी, लेखराज (24) पुत्र जयराम तथा शुभम (21) पुत्र विद्याधर निवासी नौनपुरा, पुलिस थाना कोटपूतली, अलवर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता गुलाम नबी मंगलिया, शुराब खां सहित आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को लाठी चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. नवीन पालीवाल, नर्सिंगकर्मी सहीराम विश्नोई एवं दुर्गाराम भील ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। तीनों को उपचार के लिए निजी वाहन से पोकरण चिकित्सालय रेफर किया गया।