सेहत विभाग ने छापे में 250 किग्रा नकली देसी घी फिंकवाया
जालंधर। पंजाब के जालंधर से बड़ी खबर है। शहर के लोगों को देसी घी की जगह डालडा खिलाने वाली एक फैक्टरी पर सेहत विभाग की टीम ने बुधवार को छापामारी की। ये फैक्टरी सूर्या एनक्लेव के साथ पड़ते रॉयल एनक्लेव में स्थित है। टीम ने यहां से करीब 250 किलो नकली देसी घी बरामद किया है। साथ ही वहां से ऐसे स्प्रे भी बरामद किए हैं, जिससे डालडा की खुशबू देसी घी में बदल जाती थी।
नमूना जांच के लिए भेजा
बातचीत दौरान डीएचओ डॉ. सुरिंदर नंगल ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने एसवी ट्रेडर पर रेड करके नकली देसी घी बरामद किया है। डीएचओ के मुताबिक देसी घी में कुछ भी मिक्स नहीं किया जा सकता। मौके से बरामद हुआ सामान ये दर्शाता था कि ये असली देसी घी नहीं है। उन्होंने 250 किलो देसी घी को एक प्लॉट में फिंकवाकर नष्ट कर दिया है। बाकी सैम्पल को चेक करवाने के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। डॉ. नंगल के मुताबिक एसवी ट्रेडर का मालिक दीपक डालडा में स्प्रे करवाकर व अन्य चीजों से नकली देसी घी बनाता था।
तेल बरामद, क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड जब्त
मौके पर ऑस्कर व लाइफ एंड हेल्थी कंपनी का विभिन्न तरीके का तेल बरामद किया गया। जिसका क्रय और विक्रय का रिकॉर्ड एसवी ट्रेडिंग कम्पनी के मालिक दीपक शर्मा से लेकर जब्त कर लिया गया है। दीपक शर्मा का कहना है कि उन्होंने जनवरी में कुकिंग मीडियम प्रतिबंधित होने के बाद काम बंद कर दिया था लेकिन जो स्टॉक बचा था उसे गोदाम में रखा था। किसी व्यक्ति ने निजी रंजिश के चलते शिकायत की है। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ ऑस्कर व लाइफ एंड हेल्थी कम्पनी के प्रोडक्ट की ट्रेडिंग कर रहे थे। स्टॉक में रखे प्रतिबंधित व एक्सपायरी माल के सेहत विभाग द्वारा सैंपल भर लिए गए। मौके पर सेहत विभाग के अधिकारियों ने कंप्यूटर से रिकॉर्ड भी जब्त किया।