
कपिल मिश्रा और आतिशी
दिल्ली सरकार के मंत्री और भाजपा नेता कपिल मिश्रा फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में फंस गए हैं। पंजाब के जालंधर कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी के वीडियो को फर्जी करार दिया है। कोर्ट ने फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर वीडियो में छेड़छाड़ साबित होने पर सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को इसे तुरंत हटाने और संबंधित अकाउंट्स के लिंक डिलीट करने का निर्देश दिया है।
यह मामला दिल्ली विधानसभा में नवंबर 2025 में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां नौवें सिख गुरु गुरु तेग बहादुर की शहादत की 350वीं वर्षगांठ पर चर्चा हुई थी। जनवरी 2026 की शुरुआत में एक छोटा वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आतिशी को कथित तौर पर गुरु के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहते दिखाया गया। कपिल मिश्रा ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर इस क्लिप को शेयर किया और कैप्शन में दावा किया कि आतिशी ने गुरु का अपमान किया। इस वीडियो को कई भाजपा विधायकों, कांग्रेस नेताओं और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी शेयर किया, जिससे धार्मिक भावनाएं भड़कीं और राजनीतिक बवाल मचा।
बवाल बढ़ने पर पंजाब की जालंधर पुलिस ने 7 जनवरी 2026 को स्थानीय AAP नेता इकबाल सिंह की शिकायत पर कपिल मिश्रा समेत कई नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की। पुलिस ने कपिल मिश्रा के X पोस्ट से वीडियो डाउनलोड कर पंजाब फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (मोहाली) भेजा। 9 जनवरी की फॉरेंसिक रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि वीडियो में ऑडियो-स्पेक्ट्रोग्राफिक और मेटाडेटा एनालिसिस से पता चला कि आतिशी ने कभी "गुरु" शब्द का इस्तेमाल ही नहीं किया। कैप्शन और एडिटिंग जानबूझकर की गई थी ताकि गलत अर्थ निकाला जा सके।
कोर्ट में 15 जनवरी को यह रिपोर्ट पेश होने के बाद जज ने वीडियो को "डिजिटली डॉक्टर्ड" करार दिया और कहा कि यह सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा पहुंचा सकता है। कोर्ट ने सभी प्लेटफॉर्म्स (जैसे X, Facebook, YouTube आदि) को वीडियो ब्लॉक करने और डिलीट करने का आदेश दिया।
AAP ने इस फैसले पर जोरदार प्रतिक्रिया दी। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट से साबित हो गया कि आतिशी ने ऐसा कोई शब्द नहीं कहा। उन्होंने मांग की कि कपिल मिश्रा को मंत्री पद से हटाया जाए और भाजपा नेता मजींदर सिंह सिरसा से माफी मांगें। आतिशी ने खुद कहा कि वीडियो मूल रूप से प्रदूषण बहस का था, जिसे BJP ने तोड़-मरोड़कर पेश किया।
Published on:
15 Jan 2026 05:06 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
