नेशनल हाइवे के इस फेज के लिए जल्द ही धरातल पर नजर आएगा काम वाहन चालकों को मिलेगी राहत
REPORT: खुशालसिंह भाटी
जालोर. वर्ष 2022 में जालोर विकास की राहों पर रफ्तार से आगे बढऩे वाला है। इस साल जिले के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आगामी कुछ माह में शुरु होने वाले हैं। जालोर जिले से जुड़े नेशनल हाइवे-325 के महत्वपूर्ण कार्यों की स्वीकृति के साथ इस वर्ष इन पर काम शुरु होने वाला है। ये काम लगभग 3 साल से अटके पड़े थे। इस नेशनल हाइवे के कुल 8 बाइपास के लिए अभी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले दिनों में लेटर ऑफ एस्पटेंस (एलओए) जारी होने के साथ अवार्ड ऑफ वर्क भी जारी हो जाएगा। सीधे तौर इसके बाद संबंधित 8 कार्यों के लिए एजेंसी का निर्धारण हो जाने के बाद काम शुरु हो जाएगा। विभागीय जानकारी के अनुसार जालोर, बाड़मेर और पाली जिले से जुड़े इस बाइपास पर कुल 41.55 किमी के बाइपास बनेंगे। इस पर कुल 556 करोड़ रुपए व्यय होंगे।
जालोर में बाइपास और आरओबी
जालोर के निकट से गुजर रहे नेशनल हाइव पर पहाड़पुरा जवाई नदी को क्रॉस करने के बाद शनिधाम के पास स्थिति रेलवे क्रॉसिंग-44 होकर बाइपास बनेगा। यहां बाइपास के हिस्से में रेलवे ओवरब्रिज का भी निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के पूरे होने के बाद बिशनगढ़ की तरफ से आने वाले और सीधे आहोर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को जालोर शहर के भीतर आने की जरुरत नहीं रहेगी।
बिशनगढ़ में ऐसे हुआ बदलाव
बिशनगढ़ में रेलवे क्रॉसिंग संख्या-32 पर मोड़ ज्यादा है। ऐसे में यहां ब्रिज बनाने पर दिक्कत अधिक रहने की संभावना थी। ऐसे में अब रिएलाइनमेंट के तहत इस क्रॉसिंग पर अंडर पास बनेगा, ताकि वर्तमान टे्रफिक प्रभावित नहीं हो। इस क्रॉसिंग के हिस्से से करीब 700 मीटर पहले नया बाइपास बनेगा और इसी हिस्से में नया रेलवे ओवरब्रिज बनेगा, जो बिशनगढ़ कैलाशधाम चौराहे पर मिलेगा।
काठाड़ी में 8 मोड़ इसलिए नए स्थान पर ब्रिज बनेगा
जालोर-बाड़मेर जिले को जोडऩे वाली काठाड़ी क्रॉसिंग पर मोड़ अधिक होने से वर्तमान स्थिति में ओवरब्रिज में परेशानी आ रही थी। यहां दोनों हिस्से 8 मोड़ आ रहे थे। ऐसे में रिएलाइनमेंट के तहत रेलवे ओवरब्रिज बनने के साथ वर्तमान में स्थित क्रॉसिंग के हिस्से में अंडर पास भी बनेगा।
ये 8 काम...जिन पर व्यय होंगे 556 करोड़
आसोतरा ब्रह्मधाम के पास बाइपास बनेगा
मोकलसर में भी टे्रफिक रिलिफि के लिए बाइपास बनेगा
सिवाना में भी भविष्य को देखते हुए बाइपास बनेगा
काठाड़ी में क्रॉसिंग-24 आरओबी के लिए रिएलाइनमेंट
बिशनगढ़ में क्रॉसिंग-32 पर आरओबी के लिए अलाइनमेंट
जालोर में सी-44 पर आरओबी और बाइपास का काम
दुजाना पाली मेें बाइपास में बनेगा
आहोर में नेशनल हाइवे फोर्शन का डवलप किया जाएगा।