
Chhattisgarh Illegal Liquor: सक्ती जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई। छापेमारी के दौरान 110 लीटर महुआ शराब और करीब 1600 किलो महुआ लाहन जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त अभियान चलाया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, जन समस्या निवारण शिविर रायपुरा में ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि ग्राम रायपुरा तांदुलडीह में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब (Illegal Mahua liquor) बनाया और बेचा जा रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के निर्देश पर बुधवार तड़के यह कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार सुबह छापेमारी कर 110 लीटर अवैध महुआ शराब (Illegal Mahua liquor) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपए बताई गई। इसके अलावा प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया लगभग 1600 किलो महुआ लाहन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई। छापेमारी के दौरान जब टीम मौके पर पहुंची, तब वहां 9 भट्टियां सक्रिय थीं। अधिकारियों को देखकर शराब निर्माण में लगे लोग मौके से फरार हो गए, जिसके बाद टीम ने सभी भट्टियों को नष्ट कर दिया।
आबकारी विभाग (Excise Department) ने बताया कि बरामद महुआ लाहन से सैकड़ों लीटर अवैध शराब तैयार की जानी थी। मौके पर सैंपल लेने के बाद पूरे लाहन को नष्ट किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और आबकारी वृत्त जैजैपुर प्रभारी घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में रघुनाथ पैंकरा, परसराम कहरा, बसंती चौधरी, वीरेंद्र यादव और भीम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।