
महुआ पेड़ के विवाद में भाई की हत्या! आरोपी को आजीवन कारावास, कोर्ट ने सुनाया कड़ा फैसला...(photo-patrika)
CG Murder News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महुआ पेड़ के विवाद में अपने ही छोटे भाई की हत्या करने वाले आरोपी को अदालत ने कड़ा दंड सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने आरोपी खेमराज यादव को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है।
मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर का है, जहां मृतक पीतांबर यादव और आरोपी खेमराज यादव सगे भाई थे। दोनों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था, लेकिन महुआ पेड़ को लेकर विवाद लगातार बना हुआ था, जो अंततः खून-खराबे तक पहुंच गया। घटना के दिन मृतक पीतांबर यादव अपने परिवार के साथ गांव के कुधरी डॉड़ में महुआ बीनने गया था। इसी दौरान आरोपी खेमराज यादव वहां पहुंचा और महुआ बीनने से रोकते हुए विवाद शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने “महुआ मत उठाओ, नहीं तो जान से मार दूंगा” कहते हुए अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट लगने के कारण पीतांबर यादव मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मृतक के पुत्र मनोज यादव ने थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाए। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक राम आधार उपाध्याय ने मामले की जांच करते हुए सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद आरोपी खेमराज यादव के खिलाफ धारा 302 के तहत अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अपर सत्र न्यायालय घरघोड़ा में मामले की सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान और दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ा विवाद किस तरह बड़े अपराध में बदल सकता है। महुआ पेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए हमेशा का दर्द बन गया।
Updated on:
21 Mar 2026 05:21 pm
Published on:
21 Mar 2026 05:21 pm
