
Chhattisgarh Murder Case: जांजगीर-चांपा जिले में 13 वर्षीय बालक की हत्या कर शव को खेत में गाड़ देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 40 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में परसदा खुर्द निवासी शातिर आरोपी हेमंत कुमार केंवट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते बालक को पैसों का लालच देकर अपने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से बालक का शव बरामद कर हत्या में इस्तेमाल रापा भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, परसदा खुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने अपने 13 वर्षीय बेटे कपिल कुमार केंवट के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई 2026 को गांव का रहने वाला हेमंत कुमार केंवट उनके घर आया और कपिल को अपने साथ ले गया। इसके बाद कपिल घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। वहीं, हेमंत से पूछताछ करने पर वह भी कपिल के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदेही हेमंत कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी बार-बार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। हालांकि, कई घंटे तक मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात महीने पहले ग्राम हरदा के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ था। आरोपी का कहना था कि कपिल कुमार केंवट ने ही हरदा के युवकों को इस विवाद की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसकी पिटाई हुई थी। इसी बात को लेकर वह कपिल से नाराज था और उससे बदला लेना चाहता था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे वह कपिल के घर पहुंचा। उसने कपिल से कहा कि चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाएंगे। पैसों का लालच देकर वह उसे अपने साथ बोरघर ले गया। वहां उसने गला दबाकर कपिल की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए बोरघर के पास खेत में रापा से गड्ढा खोदा और उसमें शव दफना दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने मृतक के पहने हुए कपड़ों को दूसरे खेत में ले जाकर फेंक दिया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर शव बरामद किया गया। शव की पहचान 13 वर्षीय कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रापा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।