
Khokhra SLRM Center: जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के लिए फील्ड पर उतरकर नगर पालिका जांजगीर-नैला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेने के लिए चार मणिकंचन केंद्रों और एसएलआरएम सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 1, 4 एवं 18 स्थित मणिकंचन केंद्रों में कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खोखरा स्थित एसएलआरएम सेंटर में कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाने तथा पूर्व से एकत्रित कचरे का शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि पत्रिका ने खोखरा के ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदहाली को लेकर लगातार खबर प्रकाशित की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने फील्ड पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने नगर पालिका के अधिकारियों को शहर में स्रोत पर ही कचरे के पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने सड़क, नाली अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जाए तथा नागरिकों को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।
कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वच्छता दीदियों को ग्लव्स, मास्क, सुरक्षा जूते एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।