
जांजगीर-चांपा. नवागढ़ जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह पर कमीशन खोरी व लोगों से मारपीट से परेशान धुरकोट के ग्रामीणों ने शुक्रवार को अजाक थाने का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि जनपद अध्यक्ष द्वारा दबंगई पूर्वक प्रधान मंत्री आवास योजना के तहत कमीशन मांगा जा रहा।
कमीशन नहीं देने पर ग्रामीणों से मारपीट की जा रही है। हर बार की तरह 18 अक्टूबर को भी आवास मित्र की नौकरी करने वाले युवक की अध्यक्ष द्वारा जमकर पिटाई की गई।
इससे परेशान होकर धुरकोट के ग्रामीण अजाक थाने का घेराव करते हुए उनके खिलाफ हरिजन एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। अधर ग्रामीणों की गिरफ्तारी के बाद अध्यक्ष समेत उनके समाज के लोग भी कोतवाली थाना पहुंच गए और पुलिस पर यह दबाव बना रहे थे कि उनके साथ भी मारपीट हुई है जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। आखिरकार मामला तूल पकड़ लिया। फिलहाल दोनों थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक नवागढ़ जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह द्वारा ग्राम धुरकोट में आवास मित्र योजना के तहत काम करने वाले युवक के साथ मामूली विवाद के कारण मारपीट करने लगा। उसे ग्रामीणों द्वारा समझाईश दी गई।
इसके बाद भी उसकी पिटाई होती रही। इसके बाद ग्रामीण एकजुट हो गए और सूर्यवंशी समाज के लोग एकजुट होकर शुक्रवार को अजाक थाना जांजगीर का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि जनपद अध्यक्ष द्वारा प्रधान मंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों से 30-30 हजार रुपए कमीशन की मांग की जाती है।
कमीशन नहीं देने पर उनके द्वारा ग्रामीणों पर दबाव बनाया जाता है और किसी न किसी बात को लेकर ग्रामीणों की पिटाई की जाती है। उसके इस आचरण को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हैं। उनके खिलाफ अजाक थाने में एफआईआर दर्ज की जाए। नहीं तो दोबारा अजाक थाने का घेराव किया जाएगा।
इधर सूर्यवंशी समाज के लोगों द्वारा अजाक थाने का घेराव होते देख ठाकुर समाज के लोग भी बड़ी संख्या में कोतवाली थाने में पहुंच गए और पुलिस पर दबाव बनाते हुए ग्रामीणों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे। फिलहाल दोनों थाने की पुलिस उलझी हुई और मामले की जांच कर रही है।
जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह द्वारा उनकी पिटाई की गई- धुरकोट के ग्रामीण बड़ी संख्या में अजाक थाना पहुंचे थे। उनकी मांगे थी कि जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह द्वारा उनकी पिटाई की गई। जिसकी रिपोर्ट लिखाना चाहते हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-अर्जुन राम, टीआई अजाक