UP Politics : ओम प्रकाश राजभर जौनपुर के सितमसराय इलाके में पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां उन्होंने सपा पर तंज कसा।
जौनपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा बयान दिया है। ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादवको दो मुंहवाला नेता बताया है। इसके बाद ओमप्रकाश राजभर ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर कहा कि यह पार्टी को आगे नहीं ले जा पाएंगे।
दरअसल, ओम प्रकाश राजभर जौनपुर के सितमसराय इलाके में पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां उन्होंने सपा पर तंज कसा। ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “सपा की हालत ये है कि अब उसमें दो धड़ है। एक धड़ चाहता है कि समाजवादी चुनाव जीते तो वहीं दूसरा धड़ बीजेपी को जिताने में जुटा हुआ है।”
अखिलेश की सरकार में चरम पर था भ्रष्टाचार
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव अपरिपक्व नेता हैं, इसलिए उनकी नहीं बनती है। समाजवादी पार्टी अभी संगठन ही नहीं बना पा रही है, तो चुनाव कैसे लड़ेगी? उनके राज में भी भ्रष्टाचार चरम पर था और मुसलमान अब समझ चुके हैं कि अखिलेश यादव डराकर उनसे सिर्फ वोट ले रहे हैं और उनके बारे में नहीं सोचते हैं। सुहेलदेव पार्टी अपने दम पर आगामी निकाय और लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।”