
झाबुआ. मानवता को शर्मसार करने के एक मामले में कोर्ट ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी ने अपनी चचेरी बहन से जंगल में दुष्कर्म किया। उसने घर आकर बता दिया तो गुस्से में तलवार से हमला कर उसका कान काट दिया। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश आरके देवलिया की कोर्ट ने आरोपी को उम्रकैद के साथ अलग-अलग धाराओं में 4 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। प्रकरण में फैसला आने में 9 माह 7 दिन लगे।
अभियोजन के अनुसार ग्राम गोरियाखांदन निवासी 8 वर्षीय बालिका अपने मामा के लडक़े जंगलसिंह डामोर (28) के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। इस दौरान जंगलसिंह ने उसके साथ ज्यादती की। फिर धमकाते हुए जान से मारने की धमकी। बालिका ने घर जाकर घटनाक्रम अपने परिजन को बता दिया।
अगले दिन जंगलसिंह रात में तलवार लेकर आया और घर के बाहर खेल रही बालिका से कहा तुझे मना बोलाथा फिर भी तू नहीं मानी। यह कहते हुए उसके सिर पर तलवार से हमला कर दिया। बचने के लिए बालिका झुकी तो तलवार उसके बांए कान के पीछे और कंधे पर लगी। इससे कान का आधा हिस्सा कटकर अलग हो गया और कंधे में भी गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी भाग निकला।
इन प्रकरणों में सुनाई सजा
पुलिस ने मामले में धारा 376 एबी (2)एम, 5(एल)/6 , 5(एम)/6 पॉक्सो एक्टमें प्रकरण दर्ज किया। अभियोजन की ओर से प्रस्तुत साक्ष्य और 15 गवाहों के बयानों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी जंगलसिंह को दोषी करार देते हुए धारा 376 एबी में आजीवन कारावास व 2 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई।
वहीं पॉक्सो एक्टकी धारा 5(एल)/6 में आजीवन कारावास 1 हजार रुपए अर्थदंड तथा आयुध अधिनियम की धारा 25 (1)/बी, बी में 1 वर्ष की सजा और 1 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया। शासन की ओर से प्रकरण की पैरवी जिला लोक अभियोजन अधिकारी सौभाग्यसिंह खिंची ने की।