झुंझुनू

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, चलेगी तेज धूलभर आंधी, मेघगर्जन-हीटवेव का अलर्ट जारी

Rajasthan Weather Report: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 22 और 23 मई को कई जिलों में तेज धूलभरी आंधी, मेघगर्जन और हवाएं चलने की संभावना जताई है।
2 min read
May 21, 2026
dust storm in Rajasthan
फाइल फोटो: पत्रिका

IMD Alert In Rajasthan: नौतपा शुरू होने से पहले राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल झुंझुनूं सहित पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्के बदलाव की संभावना जताई है। हालांकि राहत 48 घंटे के लिए होगा लेकिन इससे कुछ जिलों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है।

तेज आंधी चलने का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। वहीं 22 और 23 मई को उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में दोपहर बाद मेघगर्जन और तेज आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा अगले 48 घंटों में कुछ क्षेत्रों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 24 मई के बाद एक बार फिर तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव और कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है।

46.5°C पहुंचा तापमान

वर्तमान में राजस्थान के उत्तरी जिलों में अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि बाकी अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 42 से 44 डिग्री के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

25 मई से शुरू होगा नौतपा

मौसम विभाग ने 21 मई से 24 मई तक कई जिलों में उष्ण लहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलोदी और श्रीगंगानगर शामिल हैं। 25 मई से नौतपा शुरू होगा, ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

Updated on:
21 May 2026 01:51 pm
Published on:
21 May 2026 01:36 pm
Also Read
View All