21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में 4 जून से प्री-मानसून बारिश का दौर! ‘नौतपा’ में आसमान से बरसेगी आग, रहें अलर्ट

Rajasthan Weather Update: करीब 32 माह 16 दिन बाद ज्येष्ठ अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) की शुरुआत होते ही प्रदेश में भीषण गर्मी रौद्र रूप दिखा रही है। दूसरी तरफ राहतभरी खबर है कि नौपता खत्म होते ही जून के पहले सप्ताह से प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियां शुरू होने पर हीटवेव और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

2 min read
Google source verification
IMD Rajasthan alert

राजस्थान में 14 शहरों में आज लू का येलो अलर्ट, पत्रिका फोटो

Rajasthan Weather Update: करीब 32 माह 16 दिन बाद ज्येष्ठ अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) की शुरुआत होते ही प्रदेश में भीषण गर्मी रौद्र रूप दिखा रही है। वहीं आगामी दिनों में आसमान से बरस रही आग और भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत फिलहाल नहीं हैं। मौसम विज्ञानियों ने भी इस बार नौतपा में भी झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने से इनकार किया है।

वहीं दूसरी तरफ राहतभरी खबर है कि नौपता खत्म होते ही जून के पहले सप्ताह से प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियां शुरू होने पर हीटवेव और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि प्रदेश में अगले दो तीन दिन धूलभरी हवाएं चलने और पारे में आंशिक गिरावट होने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है।

इस बार 'नौतपा' भारी

मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा में प्रदेशभर में सतही गर्म हवाएं चलने और भीषण गर्मी का दौर जारी रहने वाला है। बीते दो साल में नौतपा में गर्मी के तेवर नर्म रहे हैं लेकिन इस बार मई माह के अंतिम सप्ताह में प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभों की आवाजाही कम रहने से हीटवेव का दौर जारी रहने पर प्रदेशवासियों को जानलेवा गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बहुत कम है।

4 जून से प्री-मानसून बारिश का दौर

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है। आगामी 4 जून से प्रदेश के कई इलाकों में प्रीमानसून गतिविधियां शुरू होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश में दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक से पहले मानसून पूर्व बारिश का दौर अच्छा रहने की उम्मीद है। जून माह के पहले पखवाड़े में पश्चिमी विक्षोभों की आवाजाही भी बढ़ने की संभावना है, जिसके असर से प्रदेश के कई जिलों में धूलभरी हवाएं चलने और बारिश का दौर सक्रिय रहने का पूर्वानुमान है।

आगामी 2-3 दिन धूलभरी हवाएं चलेंगी

प्रदेश में हीटवेव चलने के साथ ही मौसम विभाग ने आगामी 2-3 दिनों के भीतर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी सतही हवाएं चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों ने आमजन को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने तथा बिना वजह दोपहर में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

मौसम केंद्र के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। इस दौरान राजस्थान के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने कुछ क्षेत्रों में दिन और रात में हीटवेव दर्ज होने की भी आशंका जताई है।

14 शहरों में आज लू का यलो अलर्ट

मौसम केंद्र ने गुरुवार को अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुन्झुनूं, करौली, खैरथल तिजारा, कोटपूतली बहरोड़, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, फलोदी और श्रीगंगानगर में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की प्रबल संभावना है।