19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Roadways: राजस्थान की भीषण गर्मी में भी कर सकते हैं ठंडा सफर, इन रूटों पर RSRTC चला रहा एसी बसें

Rajasthan Roadways: राजस्थान परिवहन निगम कई महत्वपूर्ण रूटों पर एसी बसों का संचालन कर रहा है। ऐसे में यात्री भीषण गर्मी के बीच भी किफायती दरों में ठंडे सफर का आनंद ले सकते हैं। यहां देखें किन-किन रूटों पर कब-कब एसी बसें उपलब्ध हैं?

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

May 19, 2026

Rajasthan Roadways AC Bus

राजस्थान रोडवेज एसी बस (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और दोपहर के समय बाहर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। ऐसे मौसम में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम (RSRTC) प्रदेश के कई प्रमुख रूटों पर एयर कंडीशनर (AC) और वोल्वो बसों का संचालन कर रहा है, जिससे यात्री भीषण गर्मी के बीच भी आरामदायक और सुखद सफर का अनुभव कर सकते हैं।

राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम की स्थापना 1 अक्टूबर 1964 को हुई थी। आज RSRTC प्रदेश और अन्य राज्यों को जोड़ने वाले सौ से अधिक रूटों पर सेवाएं दे रहा है। निगम के पास लगभग 4500 बसों का बड़ा बेड़ा है, जिसमें वोल्वो और एसी बसें यात्रियों की पहली पसंद मानी जाती हैं। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए ये बसें गर्मी में किसी राहत से कम नहीं हैं।

राजस्थान की एसी बसों में ये सुविधाएं

RSRTC की वोल्वो और AC बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इनमें एयर कंडीशनिंग सिस्टम, रिक्लाइनर सीटें, पर्याप्त लेगरूम, सामान रखने के लिए अलग स्पेस, जीपीएस ट्रैकिंग, हैंड सैनिटाइजर और डिस्पोजेबल सीट कवर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यही वजह है कि सामान्य बसों की तुलना में यात्री लंबी यात्रा के लिए इन सेवाओं को अधिक पसंद करते हैं।

जयपुर-दिल्ली रूट पर सबसे अधिक यात्री

राजस्थान में कई प्रमुख मार्गों पर इन बसों का संचालन किया जा रहा है। जयपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली AC बसें सबसे अधिक पसंद की जाती हैं। करीब 270 किलोमीटर की दूरी यह बसें 4 से 5 घंटे में तय करती हैं। वहीं अजमेर से जयपुर के बीच लगभग 135 किलोमीटर की दूरी करीब ढाई घंटे में पूरी की जा सकती है।

जोधपुर-अजमेर के बीच 14 एसी बसें

जोधपुर से अजमेर रूट पर RSRTC की 14 से अधिक वोल्वो AC बसें रोजाना संचालित होती हैं। इनका किराया लगभग 507 रुपये तय किया गया है। सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक लगभग हर घंटे बस सेवा उपलब्ध रहती है।

इस रूट पर 24 घंटे सेवा

इसी तरह ब्यावर से जयपुर के बीच रोजाना करीब 24 AC बसों का संचालन होता है। इस रूट पर अधिकांश बसों का किराया 402 रुपये है, जबकि कुछ सेवाओं का किराया 466 रुपये तक है। यहां यात्रियों के लिए AC स्लीपर बसों की सुविधा भी उपलब्ध है और बसों का संचालन लगभग पूरे दिन चलता रहता है।

जयपुर-जोधपुर के बीच 15 एसी बसें

जयपुर से जोधपुर के बीच 15 AC और तीन स्लीपर बसें चलती हैं। इनका किराया करीब 400 रुपये से शुरू होकर कुछ सेवाओं में 814 रुपये तक पहुंचता है। वहीं उदयपुर-जोधपुर रूट पर 7 AC बसें संचालित होती हैं, जिनका किराया 570 से 659 रुपये के बीच है।

इन रूटों पर भी एसी सेवा

इसके अलावा कोटा-जयपुर, सीकर-जयपुर, जयपुर-अलीगढ़, जयपुर-पिलानी, जयपुर-भरतपुर-आगरा, जोधपुर-भरतपुर, पाली-उदयपुर जैसे कई रूटों पर भी AC बस सेवाएं उपलब्ध हैं। सीकर से जयपुर के बीच RSRTC की 10 बसें चलती हैं और किराया 244 रुपये निर्धारित किया गया है।

यहां से करें टिकट बुक

यात्री इन बसों की टिकट RSRTC की वेबसाइट और विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से बुक कर सकते हैं। भीषण गर्मी में यदि आप लंबी यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो AC और वोल्वो बसें सफर को आरामदायक बना सकती हैं।