झुंझुनू

राजस्थान: पति ने की पत्नी की हत्या,तीन दिन तक संदूक में छिपाया शव, बेटे को कहा- मम्मी नानी के घर गई है

Jhunjhunu Husband Kills Wife : झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में शराब के लिए पैसों के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर में रखे संदूक में बंद कर तीन दिन तक छिपाए रखा।
2 min read
Jul 21, 2026
Husband Kills Wife
मौके पर जांच करती पुलिस और मृतका सुलोचना। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Jhunjhunu Murder Case : झुंझुनूं। सूरजगढ़ क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के लिए पैसों के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर में रखे संदूक में बंद कर तीन दिन तक छिपाए रखा। इस दौरान उसने अपने 15 वर्षीय बेटे को यह कहकर गुमराह किया कि उसकी मां नानी के घर गई है। शव से दुर्गंध आने पर आरोपी स्वयं नशे की हालत में गांव के पूर्व सरपंच के पास पहुंचा और पूरी घटना कबूल कर ली।

सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया तथा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार अगवाना खुर्द निवासी कृष्ण फोगाट पर आरोप है कि शनिवार को शराब पीने के लिए उसने अपनी पत्नी सुलोचना से रुपए मांगे। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव के हाथ-पैर बांधकर संदूक में बंद कर दिया, ताकि किसी को घटना की भनक नहीं लगे।

बेटे को तीन दिन तक रखा अंधेरे में

वारदात के बाद आरोपी ने अपने 15 वर्षीय बेटे से कहा कि उसकी मां नानी के घर गई है। बेटे को जब संदेह हुआ और उसने जानकारी लेने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मोबाइल भी छीन लिया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। तीन दिन तक बेटा घर में ही रहा और उसे घटना की सच्चाई का पता नहीं चलने दिया गया।

बालियां गिरवी रख ली शराब

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के कानों से सोने की बालियां निकाल लीं और उन्हें शराब के ठेके पर मात्र तीन हजार रुपए में गिरवी रख दिया। ठेकेदार को उसने यह झूठी कहानी सुनाई कि उसका बेटा गंभीर रूप से बीमार है और इलाज के लिए पैसों की जरूरत है। वहीं मृतका के चांदी के गहनों को घर में एक फोटो के पीछे छिपा दिया।

दुर्गंध फैलने पर खुला राज

तीन दिन बाद शव सड़ने से घर में तेज दुर्गंध फैलने लगी। इसी बीच आरोपी शराब के नशे में गांव के पूर्व सरपंच दुलीचंद के पास पहुंचा और पूरी वारदात की जानकारी दे दी। इसके बाद परिजनों एवं मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी गई। शिकायत मिलने पर डीवाइएसपी विकास धींधवाल एवं थानाधिकारी रामसिंह यादव मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

पुलिस ने मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों, घटना के क्रम तथा साक्ष्य छिपाने सहित पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Updated on:
21 Jul 2026 06:24 pm
Published on:
21 Jul 2026 06:21 pm