पिलानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया था। जो शनिवार को तीन डिग्री गिरकर 6.3 डिग्री पर पहुंच गया।
राजस्थान के झुंझुनूं अंचल में सर्दी के तेवर तीखे हो गए हैं। सर्द हवाएं चलने के कारण महज 12 घंटे के दौरान पिलानी में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार चौबीस घंटे के दौरान सर्दी बढ़ने के आसार है। झुंझुनूं में शनिवार अलसुबह हाथ-पैरों में सर्दी के कारण चुभन महसूस की गई। सुबह आंशिक कोहरे के बीच सर्द हवाओं ने आमजन को ठिठुरा दिया। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन रही। शाम होते ही सर्दी बढ़ गई और लोगों ने अलाव का सहारा लिया। पिलानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया था। जो शनिवार को तीन डिग्री गिरकर 6.3 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया।
कृषि अधिकारियों का कहना है कि सर्दी बढ़ने से सरसों, गेहूं, चना की फसलों को फायदा होगा। अभी पाला पड़ने की आशंका कम है। उन्होंने बताया फसलों को पाला से बचाने के लिए आलू, मटर जैसी फसलों पर गंधक का छिड़काव किया जा सकता है। गंधक के छिड़काव से पौधों में लौहा तत्व की जैविक एवं रासायनिक सक्रियता बढ़ जाती है जो पौधों में रोगों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है। वहीं फसल का पकाव जल्दी होता है।