Jhunjhunu Constable Suspend: झुंझुनूं शहर में वर्दी की साख को ठेस पहुंचाने वाले मामले में कांस्टेबल निर्मल को निलंबित कर दिया गया है।
Jhunjhunu News: झुंझुनूं शहर में वर्दी की साख को ठेस पहुंचाने वाले मामले में कांस्टेबल निर्मल को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी कांस्टेबल ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर शराब के नशे में हुड़दंग मचाया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को एसपी कावेंद्रसिंह सागर ने कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
बता दें कि झुंझुनूं शहर के रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक पुलिसकर्मी के तमाशा करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में निर्मल नाम का पुलिसकर्मी बीच सड़क पर अजीब हरकतें करता नजर आ रहा था। वह कभी वाहनों को रुकवाता है तो कभी वाहन चालकों के सामने हाथ जोड़ता और उनके पैर पड़ता दिखाई दिया था है।
प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार काफी देर तक पुलिसकर्मी सड़क पर इधर-उधर लहराता रहा। जिससे वहां यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने इस दौरान उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने शराब का सेवन कर रखा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन, अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कांस्टेबल निर्मल को निलंबित कर दिया है।
इधर, सदर थानाक्षेत्र में मुख्य सड़क के पास शराब ठेके के नजदीक युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई बहसबाजी व छीना-झपटी के मामले में भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी गोपालसिंह ढाका को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक शराब के नशे में थे और उनके पास गार्डर लगी गाड़ी थी, जिसका चालान किया गया है। पुलिस का यह भी कहना है कि युवकों ने जानबूझकर वीडियो बनाकर वायरल किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झुंझुनूं के सदर थानाक्षेत्र में सड़क पर कुछ युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहसबाजी व छीना झपटी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो सोमवार रात का था। वीडियो में युवक आरोप लगा रहे है कि पुलिसकर्मी उनके साथ मारपीट कर रहे है। वहीं, एक पुलिसकर्मी यह कहते सुनाई दे रहा है कि युवक शराब पीए हुए है। दूसरी ओर युवक यह कहते सुनाई दे रहे है कि वे किसी गाड़ी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिसकर्मी उनसे हजार रुपए की मांगते हुए मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान काफी देर तक बहसबाजी और छीनाझपटी होती नजर आती है। मौके पर कई पुलिसकर्मी मौजूद है और पास में ही पुलिस की एक गाड़ी खड़ी है।