
राजस्थान में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस–वे पर दिल दहला देने वाला हादसा। फोटो: पत्रिका
Car Fire Accident: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। अलवर के मौजपुर क्षेत्र में एक्सप्रेस–वे पर चलती कार में अचानक आग लगने से 5 लोग जिंदा जल गए। हादसा इतना भयावह था कि शव पूरी तरह जलकर कंकाल में बदल गए, जिन्हें अलग-अलग पोटलियों में समेटना पड़ा। बताया जा रहा है कि सभी लोग वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोग मंजर देख कांप उठे।
डीएसपी कैलाश जिंदल ने बताया कि हादसा रात करीब 12 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पिलर नम्बर 115/300 के पास हुआ। कार सवार लोग वैष्णो देवी के दर्शन करके दिल्ली होते हुए कोटा की ओर जा रहे थे। तभी अचानक चलती कार में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में ही कार आग का गोला बन गई।
आग इतनी भीषण थी कि कार सवार लोगों को उतरने तक का मौका नहीं मिला। कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, कार चालक भी 80 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर घायल को पहले अलवर और फिर जयपुर रेफर किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि गैस लीकेज होने की वजह से हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी हुई है।
चलती कार में आग लगने की सूचना मिलते ही दो दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तक तक कार में मौजूद सभी लोगों कंकाल बन चुके थे। कार सवार लोगों की सिर्फ हड्डियां ही शेष बची थी। यह मंजर देख घटनास्थल पर मौजूद हर कोई रो पड़ा। लक्ष्मणगढ़ थाना ने मृतकों के अवशेषों को अलग-अलग पोटलियों में रखा और लक्ष्मणगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। शवों की पहचान के लिए डीएनएल सैंपल लिए जाएंगे।
मृतकों में 3 महिलाएं, एक नाबालिग बच्ची और एक पुरुष है। ये सभी श्योपुर के चैनपुर के रहने वाले थे। ये सभी लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। अभी मृतकों के नामों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस अब इस बात की गहन जांच में जुटी है कि आखिर चलती कार में अचानक आग कैसे लगी? आशंका जताई जा रही है कि सीएनजी के कारण आग तेजी से भड़की थी। इसलिए कार सवारों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
Published on:
30 Apr 2026 09:51 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
