
मुख्य सड़क पर अजीब व्यवहार करता पुलिसकर्मी। फोटो- पत्रिका
झुंझुनूं। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर एक पुलिसकर्मी के अजीब व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल वीडियो में एक कॉन्स्टेबल बीच सड़क पर असामान्य हरकतें करता दिखाई दे रहा है, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना 28 अप्रेल शाम की बताई जा रही है, जबकि वीडियो बाद में सामने आया।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहा पुलिसकर्मी निर्मल बताया जा रहा है, जो पुलिस लाइन में तैनात है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह अचानक रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर पहुंच गया और लड़खड़ाते हुए इधर-उधर घूमने लगा। इस दौरान उसने कई वाहनों को रुकवाया। एक कार रुकने पर वह उसके पास पहुंचा और कार सवार के सामने हाथ जोड़ने लगा। इतना ही नहीं, वह सड़क पर ही झुककर युवक के पैर छूने का प्रयास करता भी दिखाई दिया। युवक के पीछे हटने पर भी वह उसका पीछा करता रहा।
वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर लगी नेम प्लेट को छुपाने की कोशिश कर रहा है। इस दौरान वह संतुलन खोता नजर आया और सड़क पर गुजर रही रोडवेज बस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। बाद में उसने एक अन्य बस को रुकवाने के लिए हाथ से इशारा भी किया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि पुलिसकर्मी नशे में था, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ लोगों और पुलिसकर्मी के बीच इस दौरान कहासुनी भी हुई। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। वहीं, पुलिस लाइन के आरआई राजकुमार पूनियां ने बताया कि निर्मल पुलिस लाइन में तैनात है, लेकिन इस तरह के किसी वीडियो की उन्हें जानकारी नहीं है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
Published on:
29 Apr 2026 04:42 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
