
Jhunjhunu : नायब सूबेदार विजयपाल डांगी (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
झुंझुनूं। जिले के चिड़ावा क्षेत्र के निकटवर्ती ओजटू गांव से शनिवार को एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया, जिसमें भारतीय सेना में नायब सूबेदार के पद पर कार्यरत जवान विजयपाल डांगी का अचानक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। विजयपाल डांगी मौजूदा समय में शिमला में तैनात थे, कुछ दिन पहल ही छुट्टी पर घर आए थे।
परिजनों ने बताया कि नायब सूबेदार विजयपाल डांगी पुत्र धर्मपाल डांगी भारतीय सेना में शिमला में तैनात थे और वर्तमान में वह करीब एक माह की छुट्टी लेकर कुछ दिन पहले ही अपने पैतृक गांव ओजटू आए हुए थे।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात उन्होंने सामान्य रूप से परिवार के साथ भोजन किया और उसके बाद सोने चले गए। किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह ऐसी दुखद खबर सामने आएगी। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर नहीं गए थे। काफी प्रयास करने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्थिति गंभीर लगने पर परिजन तुरंत उन्हें चिड़ावा उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शव को शनिवार सुबह करीब दस बजे तक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना पर क्षेत्रीय नेताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूरे ओजटू गांव में शोक का माहौल बना हुआ है लोग परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं ग्रामीण विजयपाल डांगी को एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित सैनिक के रूप में याद कर रहे हैं सेना की ओर से भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किए जाने की संभावना है।
Published on:
13 Jun 2026 06:37 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
