
विवेकानंद चौक में पुलिस को ज्ञापन देते लोग। फोटो- पत्रिका
चिड़ावा। शहर की पुरानी तहसील रोड स्थित एक रेडीमेड कपड़ा शोरूम के ट्रायल रूम में महिला का मोबाइल से वीडियो बनाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। रविवार को घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों, व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध सभा कर आक्रोश जताया। इसके बाद कबूतरखाना बस स्टैंड से विवेकानंद चौक तक पैदल मार्च निकालकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शोरूम को सीज करने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई।
यह वीडियो भी देखें
घटना के विरोध में कबूतरखाना बस स्टैंड के पास स्थित पार्क में हिंदूवादी संगठनों, भाजपा नेताओं और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। वक्ताओं ने घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि आरोपी दुकानदार ने ग्राहकों के विश्वास को तोड़ने का काम किया है। सभा में कहा गया कि ऐसी घटनाओं से आमजन में भय और आक्रोश का माहौल बन रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से झुंझुनूं जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भाजपा नेता राजेश दहिया, पृथ्वीराज शर्मा, अजीत मुरादपुरिया बिल्लू, मुकेश खंडेलवाल, नीतिका थालौर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, राजेंद्रपाल सिंह, पूजा शर्मा, पवन शर्मा नवहाल और विकास पायल सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। बैठक के बाद पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली के रूप में पुरानी तहसील रोड से होते हुए विवेकानंद चौक पहुंचे। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया।
शनिवार शाम बुहाना क्षेत्र की एक महिला अपने पति और बच्चे के साथ कपड़े खरीदने के लिए पुरानी तहसील रोड स्थित शोरूम पहुंची थी। महिला जब ट्रायल रूम में कपड़े बदलने गई तो उसे छत की ओर एक संदिग्ध छेद दिखाई दिया। शक होने पर उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी। जांच करने पर वहां एक मोबाइल रखा मिला, जिससे ट्रायल रूम का वीडियो बनाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार के पौते शाहरुख को हिरासत में लेकर मोबाइल जब्त कर लिया।
घटना को लेकर स्थानीय व्यापार मंडल ने भी गहरी चिंता जताई। व्यापारियों ने कहा कि एक व्यक्ति की घटिया मानसिकता के कारण पूरे बाजार और व्यापारियों की साख प्रभावित हुई है। व्यापार मंडल ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाते हुए लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहें नहीं फैलाने और शांति बनाए रखने की अपील की।
Updated on:
07 Jun 2026 08:29 pm
Published on:
07 Jun 2026 08:29 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
