
चंडीगढ़। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री हजारों करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह दौरा हरियाणा के विकास में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी 10 किलोमीटर लंबे कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण करेंगे।
आपको बता दें कि ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन से बिजली तैयार होती है, जिससे ट्रेन चलती है। इस दौरान धुआं नहीं निकलता, बल्कि केवल पानी की भाप और गर्मी निकलती है। इसी वजह से इसे डीजल ट्रेनों की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल माना जा रहा है। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, लेकिन शुरुआत में इसे 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया जाएगा। एक बार हाइड्रोजन भरने के बाद यह ट्रेन करीब 250 किलोमीटर तक सफर कर सकेगी।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें हाइड्रोजन लीक डिटेक्टर, फायर डिटेक्टर और आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे कई सुरक्षा फीचर लगाए गए हैं। यह ट्रेन 1200 किलोवाट क्षमता वाले हाइड्रोजन फ्यूल सेल प्रोपल्शन सिस्टम से संचालित होगी। इसमें 1200 किलोवाट की दो ड्राइविंग यूनिट और आठ यात्री कोच लगाए गए हैं। साथ ही फ्यूल सेल सिस्टम, हाइड्रोजन स्टोरेज सिलेंडर, बैटरी और कंट्रोल सिस्टम के लिए अलग स्थान भी बनाया गया है। यह ट्रेन ब्रॉडगेज पर चलने वाली सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन होगी।
जींद-सोनीपत पर रेलखंड पर चलने वाली इस ट्रेन के लिए जींद में विशेष हाइड्रोजन स्टोरेज और रिफ्यूलिंग सुविधा विकसित की गई है। बता दें कि यह ट्रेन लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा का अनुमानित समय करीब एक घंटा होगा। ट्रायल के दौरान ट्रेन की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी। इसके बाद भविष्य में इसकी रफ्तार को बढ़ाकर 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक किया जा सकता है। इस रूट पर कुछ छह रेलवे स्टेशन होंगे। फिलहाल ट्रेन का न्यूनतम किराया पांच रुपए और अधिकतम किराया 25 रुपए रखा गया है।
इससे पहले जींद में आयोजित प्रेस वार्ता में कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वर्चुअल माध्यम से राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री भिवानी और नारनौल में बने दो नए श्रीराम मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही 10 किलोमीटर लंबे कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण करेंगे, जिससे रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा अंबाला-काला अंब ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड, जींद-गोहाना एनएच-352ए, हिसार-बरवाला फोरलेन सड़क तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजना के विस्तार का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, कुरुक्षेत्र में अत्याधुनिक सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी। कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से हरियाणा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और सड़क व परिवहन संपर्क में सुधार आएगा। साथ ही औद्योगिक और वाणिज्यिक विकास को भी नई गति मिलेगी।