
जोधपुर. राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत सालोड़ी गांव में नदी के किनारे स्थित खेत की कुछ जमीन बजरी खनन के लिए लीज पर देने के बाद बजरी खनन करने को लेकर दो पक्षों में विवाद एक महिला सहित दो जने घायल हो गए। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने परस्पर विरोधी मामले दर्ज किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) विक्रमसिंह के अनुसार गांव में नदी के किनारे स्थित मांगीलाल मेघवाल के खेत की छह बीघा जमीन मेहबूब खां ने छह लाख रुपए में बजरी खनन के लिए लीज पर लिया था। जमीन मालिक ने कुछ दिन पूर्व यही खेत नौ लाख रुपए में गणपत जाट को लीज पर दे दिया था। इस बीच, शनिवार देर रात मेहबूब खां की तरफ से खेत के पास नदी के किनारे बजरी का खनन किया जा रहा था। तब खेत मालिक पक्ष के कुछ लोग मौके पर आए और बजरी खनन करने से रोक दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ।
मेहबूब खां पक्ष ने खेत लीज पर लेने का बताकर बजरी खनन करने का हक जताया, लेकिन खेत मालिक ऐसा न करने पर अड़ गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे से झगड़े और मारपीट पर उतारू हो गए। लाठियों से एक-दूसरे पर वार किए गए। जिससे केसीदेवी व दुर्गाराम मेघवाल घायल हो गए। उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झगड़े की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामला शांत कराया। एक पक्ष से रूपाराम मेघवाल ने मेहबूब खां, भूरे खां, यात खां, सद्दाम उर्फ भानिया, रइस खां, अनिल खां, याकूब खां, रमजान खां आदि के खिलाफ मारपीट, लज्जा भंग करना और जाति ***** शब्दों से अपमानित करने का मामला दर्ज कराया। उसका आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट के साथ फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है।
वहीं, लोहावट में जालोड़ा निवासी मुख्तयार पुत्र अहमद खां ने रूपाराम, दुर्गाराम, पेमाराम, जोगाराम, देवाराम, चंपाराम, सुखराम, गोमती आदि के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया। आरोप है कि खेत लीज पर देने और अग्रिम रूपए लेने के बावजूद किसी अन्य को लीज पर दे दी गई।
पुलिस का कहना है कि खेत मालिक ने मौखिक आधार पर जमीन लीज पर दी थी। फिर उसने ऊंची दर से लीज पर किसी अन्य को दे दी। पूछताछ में खेत मालिक ने बजरी खनन पूर्ण होने के कारण खनन रोकने की जानकारी दी है। जबकि लीज पर लेने वाले का कहना है कि उसने अब तक खनन किया ही नहीं।