
जोधपुर. म्यूकोरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस ) जोधपुर में कहर ढा रहा है। हर रोज नए मरीज सामने आ रहे है। बढ़ते मरीजों के आगे व्यवस्थाएं बनाने में अस्पताल प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। एमडीएम अस्पताल में सोमवार को ब्लैक फंगस के ४ नए केसेज सामने आए। वहीं ५ मरीजों का ऑपरेशन किया गया। इन मरीजों के जबड़ा-आंख तक बाहर निकाली गई। कइयों के सिर के ऑपरेशन, दूरबीन से ऑपरेशन व साइनस आदि की सफाई की गई। यहां करीब ३२ मरीज भर्ती चल रहे हैं। एम्स के इएनटी एचओडी डॉ. अमित गोयल ने बताया कि अब तक एम्स में सवा सौ पार मरीज आ चुके हैं, लेकिन वर्तमान में ७० मरीज भर्ती चल रहे हैं।
कोविड में डायबिटीज के लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल पहुंचे
डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में इएनटी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. महेन्द्र चौहान ने कहा कि कोविड मरीज को डायबिटीज के लक्षण दिखने पर वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरते। डायबिटीज के लक्षण में बार-बार प्यास लगना व पेशाब लगना है। सौ फीसदी मरीज अभी डायबिटीक है। वर्तमान में हाल ही में डायबिटीज हो रखे मरीजों की संख्या ज्यादा है। क्योंकि डायबिटीज के बाद ब्लैक फंगस की संभावना अधिक है।