
जोधपुर.
माता का थान स्थित गांधी मूक बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रावास में मूक बधिर छात्र से कुकर्म करने के आरोपी वार्डन का बुधवार को दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। उधर, मण्डोर थाना पुलिस ने पीडि़त छात्र का मेडिकल कराया व मौका मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
थानाधिकारी आनंद सिंह सांखला ने बताया कि प्रकरण में जांच शुरू की गई है। आरोपी वार्डन पाली निवासी रमेश कुमार का पता नहीं लग पाया है। आठ वर्षीय पीडि़त छात्र का महात्मा गांधी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। वारदातस्थल का मुआयना किया गया है। एफआईआर दर्ज होने से एक दिन पहले ही आरोपी वार्डन अवकाश का आवेदन पत्र देकर गायब हो गया था। एेसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि उसे पीडि़त छात्र के कानूनी कार्रवाई किए जाने की भनक लग गई थी। इसीलिए वह एक दिन पहले गायब हो गया। अब उसको पकडऩे के लिए पुलिस तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि विद्यालय के आठ साल के मूक बधिर छात्र से गत चौदह सितम्बर को छात्रावास के कमरे में कुकर्म किया गया था। छात्र ने संकेतों के माध्यम से शिक्षक को वार्डन की हरकत से अवगत कराया था। पुलिस ने मंगलवार रात छात्र के पर्चा बयान लिए थे और उस आधार पर वार्डन रमेश कुमार के खिलाफ कुकर्म व पोक्सो अधिनियम में मामला दर्ज किया था।
----------------------------------------------
बलात्कार के प्रयास का आरोपी पिता गिरफ्तार
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने सेक्टर एक में नाबालिग पुत्री से छेड़छाड़ व बलात्कार का प्रयास करने के आरोपी पिता को बुधवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में सेक्टर एक निवासी व्यक्ति को मंगलवार देर रात हिरासत में लिया गया था। पूछताछ व जांच में उसके खिलाफ लगाए गए आरोप प्रमाणित हुए। इस आधार पर उसे बुधवार को गिरफ्तार किया गया। उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पीडि़ता के साथ ही उसकी मां के मजिस्ट्रेट के समक्ष भी बयान दर्ज कराए जाएंगे। पीडि़त बच्ची का संभवत: गुरुवार को मेडिकल कराया जाएगा।
गौरतलब है कि आरोपी ने मंगलवार को घर में अकेली दस साल की पुत्री से छेड़छाड़ के बाद बलात्कार का प्रयास किया था।