
जोधपुर.
दोनो ही नगर निगम का फोकस अब आय बढ़ाने पर है। इसीलिए प्रतिदिन दो से तीन बैठकें कर अधिकारियों को आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम उत्तर महापौर कुन्ती देवड़ा ने बुधवार को राजस्व, विधि, संस्थापन और लेखा शाखा के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक कार्यालय समय के दौरान अपनी सीट पर बैठने और आमजन के कार्य तत्परता से करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि कोई भी कर्मचारी ऑफिस समय के दौरान अपनी सीट नहीं छोड़ेंगे और इसके लिए समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाएगा। न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का नगर निगम उत्तर व नगर निगम दक्षिण में विभक्ति करण कर उसकी सूची बनाई जाए, साथ ही जिन लंबित प्रकरणों में जवाब दावा पेश नहीं किया गया है उनमें जल्द जवाब दावा पेश किया जाए। अधिवक्ताओं का नया पैनल बनाकर राज्य सरकार को अनुमोदन के लिए भेजने के निर्देश दिए गए।
राजस्व बढ़ाने के निर्देश
राजस्व बढ़ाने के लिए नई यूनीपोल साइड चिन्हित करने, मोबाइल टावर से प्राप्त होने वाली आय का रिव्यू करने, ट्रेड लाइसेंस जारी करने व नगरीय विकास कर वसूल करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपमहापौर अब्दुल करीम जॉनी, उपायुक्त अयूब खान, उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, विधि अधिकारी कृपावती हर्ष सहित अन्य मौजूद थे।