जोधपुर

रैकी के बाद दंपती को बांधकर की थी लूटपाट

-वारदात के तीसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ- सेवानिवृत्त फ्लाइंग लेफ्टिनेंट व पत्नी को बंधक बना लूटने वालों का सुराग नहीं
less than 1 minute read
After recce, the couple was robbed
रैकी के बाद दंपती को बांधकर की थी लूटपाट

जोधपुर. रातानाडा थाना क्षेत्र के सेन्ट्रल स्कूल स्कीम स्थित मकान में सेवानिवृत्त फ्लाइंग लेफ्टिनेंट पन्नालाल चौधरी (80) और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लाखों के आभूषण और पच्चीस हजार रुपए लूटने आरोपी किराएदार व दो अन्य का वारदात के तीसरे दिन भी पुलिस सुराग नहीं लगा पाई।

चौधरी ने बताया कि गत पन्द्रह मई को जिस युवक को कमरा किराए पर दिया उसने खुद का नाम मोंटू निवासी ओसियां बताया था। उसने पांच सौ रुपए अग्रिम दिए थे। इसके बाद कमरे पर दो युवक आते थे। वारदात की शाम भी दो युवक किराएदार के पास आए थे। रात 12.26 बजे किराएदार ने पानी पीने के बहाने दंपती के कमरे का दरवाजा खटखटाया और दो युवकों के साथ मकान में घुस गया। तीनों ने पहले पन्नालाल और फिर उनकी पत्नी को बंधक बना तीस तोला सोना व 25 हजार रुपए लूट लिए। मकान मालिक ने अंदेशा जताया कि तीनों ने रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था।

सीसीटीवी फुटेज अस्पष्ट, मोबाइल लोकेशन पर टिकी जांच
थानाधिकारी भूपेन्द्रसिंह ने बताया कि लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है। कॉलोनी और अभय पुलिस कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में मोटरसाइकिल पर तीन युवक नजर आए हैं। फुटेज स्पष्ट न होने से लुटेरों की पहचान नहीं हो पा रही है। मोबाइल की बीडीएस जानकारी मंगाई है। इसकी मदद से लुटेरों तक पहुंचने के प्रयास किए जाएंगे।

Published on:
26 May 2019 01:06 am