जोधपुर

युद्धाभ्यास में पहली बार एरियल टारगेट भेदेगी आकाश मिसाइल, 137 विमान वायुशक्ति में लेंगे भाग

राजस्थान के अलावा पंजाब व उत्तर प्रदेश एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे लड़ाकू विमान व हेलीकॉप्टर
2 min read
 India becomes world power
India becomes world power

Gajendra singh Dahiya/जोधपुर. भारतीय वायुसेना की ओर से जैसलमेर के पोकरण स्थित चांधन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित देश के सबसे बड़े युद्धाभ्यास (फायर पावर डेमोंसट्रेशन) वायुशक्ति-2019 में चार प्रकार के आक्रमण पहली बार होंगे। युद्धाभ्यास में सतह से हवा में मार करने वाली आकाश मिसाइल पहली बार किसी टारगेट को हिट करेगी। ट्रक या टैंक से आकाश मिसाइल को हवा में एरियल टारगेट को निशाना बनाकर दागा जाएगा। आकाश के साथ हवा से हवा में मार करने वाली अस्त्र मिसाइल भी हवा में उड़ रहे टारगेट पर वार करेगी। आकाश मिसाइल हवा में मौजूद किसी खतरे मसलन एयरक्राफ्ट, हेलीकॉप्टर या ड्रोन पर हवा में ही खत्म कर देने के उद्देश्य से रक्षा प्रयोगशाला द्वारा विकसित की गई है।

इसकी मारक क्षमता 25 किलोमीटर है। आकाश मिसाइल के अलावा पहली बार पी-4 प्रेसीजन गाइडेड बम का भी इस्तेमाल किया जाएगा। यह जीपीएस अथवा लेजर गाइडेड बम है जो युद्ध स्थल में मौजूद सिम्युलेटेड राडार पर टारगेट करेगा। युद्धाभ्यास में पहली बार मिग-29 विमान का हवा से सतह पर अटैक देखने को मिलेगा। मिग-29 विमान को वायु सेना ने अपग्रेड किया है। अब तक यह लड़ाकू विमान हवा से हवा में मार करने की क्षमता का प्रदर्शन करते आया है। युद्धाभ्यास में पहली बार एएलएच हेलीकॉप्टर से ग्राउंड अटैक फायरिंग का जीवंत प्रदर्शन भी होगा।

आज फुल ड्रेस रिहर्सल
वायु सेना की ओर से गुरुवार को वायु शक्ति का पोकरण में फुल ड्रेस रिहर्सल किया जाएगा। इस तरह का युद्ध अभ्यास 3 साल में एक बार होता है।शाम 5.35 पर शुरू होगा। वायु शक्ति शनिवार शाम 5.35 पर शुरू किया जाएगा। इसके जरिए वायुसेना दिन, शाम और रात तीनों ही परिस्थितियों में अपनी शक्ति का समायोजन दिखाएगी। वायु शक्ति देखने के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के आने की संभावना है।

8 एयरबेस से एक साथ उड़ान भरेंगे 137 एयरक्राफ्ट
- जैसलमेर
- जोधपुर
- उत्तरलाई (बाड़मेर)
-फलौदी (जोधपुर)
- नाल (बीकानेर)
- भटिंडा (पंजाब)
- हिंडन (उत्तप्रदेश)
- आगरा (उत्तरप्रदेश)

91 लड़ाकू विमान करेंगे हमला
लड़ाकू विमान .......संख्या

- मिग-29 ........7
- जगुआर........17
- सुखोई-30 एमकेआई........24
- मिग-27........11
- बाइसन........4
- मिराज-2000........4
- हॉक........8
- तेजस........610

ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट

एएन-32........4
हरक्यूलिस सी-130........5
एईडब्ल्यू एंड सी........1

21 सहायक विमान
- रिमोट ली पायलेटेड एयरक्राफ्ट........4
- सपोर्टिंग एयरक्राफ्ट........ 17

25 लड़ाकू हेलीकॉप्टर करेंगे अटैक
हेलीकॉप्टर........ संख्या
एमआई-17वी5 ........15
एएलएच-एमके4........7
एमआई-35........ 3

युद्धाभ्यास के लिए पोकरण तैयार
वायुशक्ति के लिए पोकरण पूरी तरीके से तैयार है। शनिवार शाम को वायुसेना देश को अपनी क्षमता का प्रदर्शन दिखाएगी।

विंग कमाण्डर अनुपम बैनर्जी, पीआरओ, भारतीय वायुसेना

Published on:
14 Feb 2019 01:18 pm