जोधपुर

75 साल की उम्र में रात भर शूटिंग करते रहे बिग-बी

-अधिक घंटों तक काम करने एवं रोल के अनुसार वजनी कॉस्ट्यूम पहनने से हुई थकान
2 min read
• •
Updated: 13 Mar 2018, 10:40 PM IST
Feature image

-अधिक घंटों तक काम करने एवं रोल के अनुसार वजनी कॉस्ट्यूम पहनने से हुई थकान
-मुम्बई से आए चिकित्सकों ने जांच व सामान्य उपचार के बाद बच्चन को दी आराम की सलाह


बासनी.(जोधपुर).
जोधपुर में ठग ऑफ हिंदोस्तां फिल्म की शूटिंग के लिए आए बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत मंगलवार अलसुबह खराब हो गई। बताया जाता है कि फिल्म की रात भर चली शूटिंग में बिग-बी ने अपने शॉट्स दिए। फिल्म में रोल के अनुसार बिग-बी को वजनी कॉस्ट्यूम के कारण थकान हो गई। अलसुबह जब बिग बी होटल पहुंचे तो उन्हें थकान महसूस हो रही थी। इसलिए उन्होंने मुम्बई से चिकित्सक बुला लिए। बिग-बी के ब्लॉग पर थकान व तबीयत के बारे में लिखने पर उनके प्रशसंकों में मायूसी छा गई। सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनल्स तक बिग बी के स्वास्थ्य को लेकर चिन्ता व चर्चा की खबरें छा गई। इधर प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी शुरू कर दी। दोपहर बाद चिकित्सकों के दल के होटल से बाहर निकलने एवं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूचना आई कि चिकित्सकों की ओर से दिए गए सामान्य उपचार व जांच के बाद बिग-बी स्वस्थ पाए गए हैं और चिकित्सकों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। इसके बाद बिग-बी के प्रशंसकों ने राहत की सांस ली और ईश्वर का शुक्रिया अदा किया। उनके प्रशंसकों से ऐसी ढेर सारी प्रतिक्रिया मिली कि बिग बी को इतनी देर रात शूटिंग नहीं करनी चाहिए। वे भारत के महानायक है, उन्हें हम स्वस्थ और देश के लिए काम करते देखना चाहते हैं।


चला प्रार्थनाओं का दौर
बिग-बी की सेहत खराब होने की सूचना मिलने के बाद से ही बिग-बी के प्रशंसकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर अटकलों का दौर शुरु हो गया। जगह-जगह पर महानायक की सलामती के लिए कहीं इबादत तो कहीं सजदा कर प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।


स्वयं दी थी जानकारी
अपनी सेहत को लेकर अमिताभ ने अल सुबह अपने ऑफिशियल ब्लॉग व ट्वीटर अकाउंट के माध्यम से जानकारी दी थी की, वे स्वयं को थका महसूस कर रहे हैं, इसके लिए उनके चिकित्सक दोपहर तक जोधपुर आएंगे। उसके बाद वे उन्हे पुन: रिफ्रेश कर देंगे। उनके इसी जानकारी से सेहत से जुड़ी तमाम अफवाहों को दौर शुरु हो गया। इस दौरान सोशल मीडिया पर भी बच्चन की सेहत से जुड़ी तरह-तरह की अफवाहें चलती रही


अजीत भवन के आगे एकत्र हुए प्रशंसक
बच्चन फिलहाल अजीत भवन में रुके हुए हैं। अस्वस्थ होने की सूचना मिलने के बाद से ही उनके प्रशंसकों का जमावड़ा अजीत भवन के बाहर हो गया। सभी बिग बी की सेहत को लेकर चिंतित दिखाई दिए। हालांकि उनके स्वस्थ होने की जानकारी मिलने के बाद प्रशंसकों की भीड़ कम होने लगी।


शूटिंग में लेंगे भाग
फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया कि अमिताभ फिल्म की शूटिंग में भाग लेंगे। वे अब स्वयं को स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। हालांकि पूर्व में यह भी अफवाहें चली की वे अब कुछ दिनों के लिए फिल्म की शूटिंग में भाग नहीं लेंगे।

Published on: