
जोधपुर।
जिले से करीब 8 किलोमीटर दूर आंगणवा गांव में कृषि उपज मंडी अनाज अब रफ्तार पकड़ेगी। नक्शे व बजट की स्वीकृति के बाद राज्य सरकार ने प्रस्तावित मंडी निर्माण के पहले चरण के लिए करीब 7 करोड़ रुपए जारी कर दिए है। जिसमें इंटरलॉकिंग सड़कें, प्लेटफॉर्म आदि निर्माण कार्य होंगे। प्रस्तावित अनाज मंडी प्रदेश की अत्याधुनिक कृषि उपज मंडियों में से एक होगी।
मुख्यमंत्री ने गत बजट घोषणा में आंगणवा में कृषि उपज मंडी बनाने की घोषणा की थी। कृषि उपज मंडी समिति की ओर से राज्य सरकार को करीब 60 करोड़ रुपयों का बजट प्रस्ताव भेजा गया था।
कृषि मंडी समिति अधिकारियों के अनुसार, आंगणवा में नई मंडी 143 बीघा जमीन पर बनेगी। नई मंडी की सडक़ें 100-100 फुट चौड़ी होंगी। किसानों व व्यापारियों के लिए पाथ-वे बनेगा। साथ ही ऑक्शन प्लेटफॉर्म, बाउंड्रीवॉल, पानी की टंकी, प्याऊ, कियोस्क, चाय की थडिय़ां, जलपान गृह, सीवरेज लाइन, स्ट्रीट लाइटें, ऑफिस बिल्डिंग, ऑक्शन हॉल, बैंक, किसान कलेवा, किसान गेस्ट हाउस, आने-जाने के लिए वे-ब्रिज। व्यापारियों की दुकानों के आगे खुले बरामदे होंगे। वेयरहाउस, एग्रो प्रोसेस की यूनिट के लिए अलग से जमीन का आवंटन होगा।
---
आरक्षित दर पर जमीन का आवंटन
महात्मा ज्योतिबा फुले नाम से बनने वाली प्रस्तावित अनाज मंडी कुल 143 बीघा जमीन पर बनेगी। अनाज मंडी के लिए पूर्व में 90 बीघा जमीन कृषि मंडी समिति को आवंटित हुई थी। इस जमीन के पास वाली करीब 53 बीघा जमीन की मांग करने पर यह जमीन कृषि मंडी समिति को दी गई। जेडीए ने कृषि उपज मंडी समिति को कृषि भूमि की आरक्षित दर पर यह जमीन दी है। कृषि उपज मंडी समिति (अनाज) ने जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) से 16.53 करोड़ रुपए में जमीन क्रय की।
------
अत्याधुनिक कृषि उपज मंड़ी
- 226 दुकान कम गोदाम
- 114 गोदाम
- 50 वाणिज्यिक दुकानें
- 22 रिटेल दुकानें
- 02 कोल्ड स्टोरेज
- 01क्लीनिंग ग्रेडिंग यूनिट
- 01 आधुनिक इन्क्यूबेशन सेंटर
- 03 एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट
- 05 कवर्ड ऑक्शन प्लेटफॉर्म
- 01 ओपन ऑक्शन प्लेटफॉर्म
-------------