
जोधपुर. लॉकडाउन से पहले अपने शहरों व गांव में फंस गए आर्मी के जवानों को वापस ड्यूटी जॉइन करने से पहले 14 दिन के आइसोलेशन में रखा जाएगा। कोविड-19 के संबंध में जांच करने व रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही ड्यूटी जॉइनिंग दी जाएगी। जोधपुर मिलिट्री स्टेशन में इसके अलग से क्वारेंटाइन सेंटर की व्यवस्था की गई है। कोणार्क युद्ध स्मारक के पास बने सेंटर में 127 बेड है। जैसे-जैसे जवान ड्यूटी आते जाएंगे, बेड की संख्या कम या अधिक की जाएगी। परिवार सहित आने वाले जवानों को क्वार्टर में ही आइसोलेट करने की योजना है। कोरोना के कारण विभिन्न भागों को रेड, यलो व ग्रीन जोन में बांटा गया है। ग्रीन व यलो जोन वालों को सामान्य क्वारेंटाइन किया जाएगा।
डायरी मेंटेन कर रहे जवान
आर्मी ने वैसे हैडक्वार्टर छोडकऱ गए अपने जवानों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। फिर भी एहतियात के तौर पर जवानों को डायरी मेंटेन करने के लिए कहा है ताकि कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उसकी शृंखला का पता लगाया जा सके।
मॉडिफाइड लॉकडाउन लागू नहीं
जोधपुर मिलिट्री स्टेशन में सोमवार से मॉडिफाइड लॉकडाऊन लागू होना था, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा जोधपुर को रेड जोन घोषित करने और सिविल एरिया में सभी प्रकार की गतिविधि पर पहले की तरह पाबंदी लगाए जाने के कारण मिलिट्री ने भी अपने यहां लॉकडाउन बरकरार रखा है।