
लोहावट में धरनास्थल पर पहुंचे नागरिक व संबोधित करते हुए पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई। फोटो पत्रिका
Bhanwari Devi Bishnoi Murder Case : जोधपुर के लोहावट थानातंर्गत जंभेश्वरनगर गांव में घर के बाहर सो रही भंवरीदेवी विश्नोई की हत्या के मामले में 13 दिन बाद भी गुत्थी नहीं सुलझी है। इसके कारण ग्रामीणों और जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। मामले का पर्दाफाश व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोहावट पुलिस थाना के आगे अनिश्चितकालीन अनशन व धरना लगातार चौथे दिन रविवार को भी जारी रहा।
लोहावट के पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई, उनके समर्थकों और नागरिकों के अनशन पर बैठने वालों की संख्या अब 90 पहुंच गई है। चार दिन से पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई अनशन पर है। इधर, अनशन पर बैठे लोगों में 6 लोगों की तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल भेजा गया। जिसमें एक व्यक्ति को जोधपुर रेफर किया गया। धरने पर लोहावट के आस-पास क्षेत्र के अलावा जोधपुर संभाग के सहित कई जिलों से नागरिकों के पहुंचने का सिलसिला बना रहने से धरना व्यापक हो गया है। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंच रही है। प्रकरण में मृतका को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने मुहिम चलाई।
पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने कहा कि घटना के 13 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले की गुत्थी सुलझा नहीं पाई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रकरण में पुलिस व प्रशासन की ओर से गंभीरता नहीं बरती जा रही है। मृतका को न्याय दिलाने के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़नी पड़ेगी। उन्होने जोधपुर संभाग में सभी उपखण्ड मुख्यालयों पर प्रकरण को लेकर आमजन से ज्ञापन देने की अपील की है।
भंवरीदेवी विश्नोई हत्या प्रकरण में खुलासा नहीं होने पर लोहावट कस्बे के व्यापारियों व दुकानदारों ने भी रोष जताया है। व्यापार संघ के अध्यक्ष इन्द्रप्रकाश राठी ने बताया कि पुलिस थाना के आगे चल रहे बेमियादी अनशन व धरने के समर्थन में सोमवार को लोहावट कस्बे का बाजार बंद रहेगा।
फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में जंभेश्वर नगर में 27 जुलाई सोमवार देर रात 1 बजे घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय महिला भंवरी विश्नोई की अज्ञात हमलावर ने गला रेतकर हत्या कर दी। इस हमले में 16 वर्षीय बेटी रामज्योति और 10 वर्षीय छोटी बेटी गंभीर रुप से घायल हुईं। मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटी की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। महिला का पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक है।
Updated on:
09 Aug 2026 09:10 pm
Published on:
09 Aug 2026 09:01 pm
