
जोधपुर. भाजपा नेता और सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास उर्फ जीजी ने बुधवार को अपने निवास पर मिलने आए पुष्करणा समाज के प्रतिनिधियों के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की खुलकर तारीफ की। मुख्यमंत्री की सार्वजनिक तारीफ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने के बाद उनको भाजपा ने चुनावी साल में ऐसे बयानों से दूर रहने की हिदायत दी है।
ये बोली ‘जीजी’
राजस्थान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्करणा समाज के लिए ऐसा काम किया है, जो पहले के जमाने में राजा-महाराजा किया करते थे। अब मुख्यमंत्री ने किया है। चार करोड़ 75 लाख रुपए का बजट दिया है। कुलदेवी की यह मूर्ति काफी ऐतिहासिक है।
पार्टी ने दी हिदायत
विधायक सूर्यकांता व्यास की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की खुलकर तारीफ को भाजपा ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने उनको चुनावी साल में ऐसे बयानों से दूर रहने की हिदायत दी बताते हैं।
कुलदेवी उष्ट्र वाहिनी देवी मंदिर का जीर्णोद्धार के मुद्दा मैंने विधानसभा में उठाया था। मुख्यमंत्री ने इसके लिए बजट आवंटित कर दिया तो मैंने इतना ही कहा कि बधाई तो बनती है। अब समाज के लोग पोस्टर लगवाए तो मैं क्या करू?
- सूर्यकांता व्यास, सूरसागर विधायक
विधायक सूर्यकांता व्यास के बयान की क्लिपिंग मिली है...दिखवा रहे हैं। पार्टी ने अभी कोई निर्देश नहीं दिए हैं।
- देवेंद्र सालेचा, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष