जोधपुर

Jodhpur : क्रिटिकल केयर ब्लॉक उद्घाटन के 2 महीने बाद भी है बंद, अशोक गहलोत ने सीएम भजनलाल से की अपील

Jodhpur : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार के विकास की हकीकत है। फीता काटने, फोटो खिंचवाने और विज्ञापन छपवाने का काम पूरा, पर मरीज़ों को सुविधा नहीं।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 3:32 PM IST
ashok gehlot appealed cm hajan Lal critical care block mandore quick start
Rajasthan : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत। फाइल फोटो पत्रिका

Jodhpur : कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी सरकार ने जनहित में 30 करोड़ की यह क्रिटिकल केयर ब्लॉक की इमारत बनवाई थी, पर भाजपा सरकार उसे चालू तक नहीं कर पा रही। अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि जोधपुर के मंडोर में 30.50 करोड़ रुपए की लागत से बने 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का उद्घाटन 16 अगस्त को देश के गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया था। दो महीने बीत गए, पर आज भी यह ब्लॉक बंद पड़ा है। इसके वार्डों के दरवाज़े बंद हैं और गलियारों में धूल जमी है।

अशोक गहलोत ने आगे लिखा इस अस्पताल में स्वीकृत 34 डॉक्टरों के मुकाबले सिर्फ़ 18 कार्यरत हैं। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के लिए 65 नर्सिंग अफसर चाहिए, पर 46 ही कार्यरत हैं। एनेस्थीसिया के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी कमी है। रोज़ाना करीब 1100 मरीज़ यहां ओपीडी में आते हैं। मुख्यमंत्री जी इस अस्पताल में डॉक्टर और नर्स अविलंब लगाएं।

पर भाजपा सरकार चालू नहीं कर पा रही है

अशोक गहलोत ने लिखा यह भाजपा सरकार के विकास की हकीकत है। फीता काटने, फोटो खिंचवाने और विज्ञापन छपवाने का काम पूरा, पर मरीज़ों को सुविधा नहीं। हमारी सरकार ने जनहित में 30 करोड़ की यह इमारत बनवाई थी, पर भाजपा सरकार उसे चालू तक नहीं कर पा रही। मुख्यमंत्री जी सुनिश्चित करें कि इस ब्लॉक को अविलंब शुरू किया जाए।

जानें मंडोर अस्पताल के बारे में

मंडोर के जिला हॉस्पिटल में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। पांच मंजिला यह बिल्डिंग 30.50 करोड़ रुपए की लागत से बनी है। नई व्यवस्था के तहत क्रिटिकल केयर ब्लॉक के संचालन के लिए 65 नर्सिंग अधिकारियों और पैरामेडिकल स्टाफ की जरूरत है। लेकिन पुराने पैटर्न के अनुसार 55 नर्सिंग अधिकारियों के मुकाबले 46 ही कार्यरत हैं। रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार को सूचना भेजी है। तब तक क्रिटिकल केयर ब्लॉक शुरू होने का इंतजार बना हुआ है। भामाशाह शिवराम नत्थूजी टाक ने 48 साल पहले भूमि एवं भवन उपलब्ध करवाए थे। उन्हीं के नाम पर हॉस्पिटल का नाम है। देश के गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 16 अगस्त 2026 को इसका उद्घाटन किया था।

Updated on:
24 Oct 2026, 3:32 PM IST
Published on: