
जोधपुर.
पुलिस लाइन में ड्यूटी के बाद पैदल घर लौट रहे एक हेड कांस्टेबल से शहीद ताराचंद सर्किल के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने मोबाइल व बैग लूटने का प्रयास किया। हेड कांस्टेबल के प्रतिरोध करने पर दोनों लुटेरे भागने लगे, लेकिन हेड कांस्टेबल ने पीछा कर एक युवक को पकड़कर रातानाडा थाना पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार हेड कांस्टेबल मांगीलाल पुलिस लाइन से पैदल ही घर जा रहा था। वह बैग में वर्दी डालकर पैदल-पैदल शहीद ताराचंद सर्किल के पास पहुंचा। इतने में पीछे से आए दो मोटरसाइकिल सवार युवक छीना झपट्टी कर मोबाइल व बैग लूटने की कोशिश करने लगे। हेड कांस्टेबल दोनों से भिड़ गया। आखिरकार मोटरसाइकिल पर बैठ भाग रहे युवकों का मांगीलाल ने पीछा किया और कुछ दूरी पर बाइक पकड़ ली। इस दौरान एक युवक भाग गया। जबकि दूसरे को हेड कांस्टेबल ने पकड़ लिया। कन्ट्रोल में सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और लुटेरे को पकड़कर थाने लाई। देर रात उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर साथी की तलाश की जा रही है।