जोधपुर

खीचन के तालाब पर नजर आया बार हेडेड गूज का समूह

कुरजां के शीतकालीन प्रवास के लिए प्रसिद्ध खींचन गांव में प्रतिवर्ष नई मेहमान पक्षियों के आने का सिलसिला भी जारी है
less than 1 minute read
Feb 24, 2019
Bar-headed Goose in the Khichan
खीचन के तालाब पर नजर आया बार हेडेड गूज का समूह

फलोदी. कुरजां के शीतकालीन प्रवास के लिए प्रसिद्ध खींचन गांव में प्रतिवर्ष नई मेहमान पक्षियों के आने का सिलसिला भी जारी है। इस बार शनिवार को खीचन गांव स्थित तीजणियों के तालाब पर बार हेडेड गूज पक्षियों का समूह नजर आया। गौरतलब है कि गत वर्ष भी यहां 4 बार हेडेड गूज पक्षी नजर थे। इस बार 27 पक्षी देखे गए है।


पक्षी प्रेमी सेवाराम माली ने बताया कि आज सुबह तीजणियों के तालाब पर सफेद व नारंगी के पक्षियों का समूह देखा गया है। ये पक्षी तालाब पर स्वच्छंद विचरण करते देखे गए। विशेषज्ञों ने इन पक्षियों की पहचान बार हेडेड गूज के रूप में की है।


वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. सुमित डूकिया ने बताया कि बार हेडेड गूज मंगोलिया, तिब्बत, रूस आदि के पठारीय भू-भाग से शीतकालीन प्रवास पर भारत आते है। इन पक्षियों का औसतन वजन करीब 2-4 किलो होता है तथा 71-76 सेमी लम्बे होते है। यह पक्षी हिमालय की ऊंचाई से ज्यादा ऊपर उड़ते हुए यहां पहुंचते है। गूज शाकाहारी पक्षी है तथा तालाब के सूखने पर उगी घास खाते है।

इन दिनों पोकरण के भणियाणा, चाचा व चांधन क्षेत्र में भी इन पक्षियों के समूह देखे है। उन्होंने बताया कि ये पक्षी सेंन्ट्रल एशियन फ्लाई-वे से भारत में शीतकालीन प्रवास पर आते है तथा प्रवासी पक्षियों के संरक्षण को लेकर कई देशों के बीच हो रखी संधि के तहत बहुउदद्ेशीय योजना में बार हेडेड गूज भी शामिल है।

Published on:
24 Feb 2019 04:17 pm