जोधपुर

सरकारी कर्मचारी बन तलाशी लेने के बहाने युवक से 29 हजार ऐंठकर भागे

- मोटरसाइकिल खरीदने गांव से शहर आया था पीडि़त युवक
less than 1 minute read
• •
Updated: 23 Jun 2021, 1:44 AM IST
सरकारी कर्मचारी बन तलाशी लेने के बहाने युवक से 29 हजार ऐंठकर भागे
सरकारी कर्मचारी बन तलाशी लेने के बहाने युवक से 29 हजार ऐंठकर भागे

जोधपुर.
प्रतापनगर थानान्तर्गत आखलिया चौराहे के पास वाहन शोरूम के पास शातिर बदमाश ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर ग्रामीण युवक की तलाशी ली और लोअर की जेब से 29200 रुपए लेकर मोटरसाइकिल पर साथी के साथ भाग गया। पीडि़त ने उसका पीछा भी किया, लेकिन ठग पकड़ में नहीं आ पाए।

पुलिस के अनुसार मूलत: पीपाड़ सिटी हाल कानोडिया निवासी जयराम पुत्र जवरीलाल कच्छवाहा मोटरसाइकिल खरीदने के लिए जोधपुर आया था। वह आखलिया चौराहे के पास दुपहिया वाहन शोरूम गया, लेकिन बाइक खरीदे बिना बाहर आ गया। सौ मीटर दूरी पर पहुंचा तो एक व्यक्ति ने उसे रोका और खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर डरा-धमकाकर तलाशी ली। इस दौरान उस व्यक्ति ने लोअर की जेब में रखे 29200 रुपए निकाले और भागने लगा। इसका पता लगने पर जयराम ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह युवक सड़क के दूसरी दिशा में मोटरसाइकिल लिए खड़े साथी के पीछे बैठकर भाग गया। रुपए लेकर भागने वाले युवक ने फौजी कपड़े की कमीज पहन रखी थी।

Published on: