जोधपुर

LATEST NEWS : भाजपा में देहात जिलाध्यक्ष रिपीट, फलोदी में बदलाव और शहर में ठहराव

- जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष के लिए नहीं हो पाई घोषणा  
2 min read
Dec 17, 2019
लेटेस्ट न्यूज : भाजपा में देहात जिलाध्यक्ष रिपीट, फलोदी में बदलाव और शहर में ठहराव
लेटेस्ट न्यूज : भाजपा में देहात जिलाध्यक्ष रिपीट, फलोदी में बदलाव और शहर में ठहराव

जोधपुर.
भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन प्रक्रिया के बाद प्रदेश में 25 संगठन जिलों में नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। जोधपुर देहात में जगराम विश्नोई को लगातार दूसरी बार यथावत रखा गया है। जबकि फलोदी जिले में रेंवतसिंह राजपुरोहित का स्थान मनोहर पालीवाल लेंगे। वहीं अभी जोधपुर शहर की घोषणा नहीं की गई है।

देहात के जिलाध्यक्ष बने विश्नोई संघ पृष्ठभूमि से है और कृषि मंडी चेयरमैन भी हैं। उनके साथ जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी व पूर्व जिलाध्यक्ष भोपालसिंह बड़ला भी होड़ में थे। वहीं फलोदी में अध्यक्ष चुने गए पालीवाल युवा हैं और संघ पृष्ठभूमि से आते हैं। पिछले कुछ समय से संगठन में सक्रिय रहे। सबसे ज्यादा चर्चा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष को लेकर थी, लेकिन इस पर संगठन ने फिलहाल कोई निर्णय नहीं किया है। जोधपुर संभाग में बाड़मेर जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल होंगे, बालोतरा में महेश बी चौहान, पाली में मंशाराम परमार को जिम्मेदारी दी गई है। सिरोही में नारायण पुरोहित रिपीट चेहरा है। जालोर में श्रवणसिंह राव को मौका दिया गया है।
जोधपुर शहर में फंसा पेच

जोधपुर शहर जिले में अध्यक्ष पद के लिए कुछ बड़े नाम के बीच मशक्कत चल रही है। हाल ही में नामांकन करने वालों में वर्तमान जिलाध्यक्ष जगतनारायण जोशी व पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी के साथ राजेन्द्र बोराणा व नरेश सुराणा जैसे कुछ पुराने नेता प्रमुख हैं। यह भी माना जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया में संघ की भी अहम भूमिका होगी।

ऐसे हुई प्रक्रिया

- 3 माह चली संगठन चुनाव की प्रक्रिया

- 41410 बूथ समितियां बनी

- 1042 मंडल है कुल प्रदेश में

- 600 मंडल अध्यक्ष अब तक बनाए गए हैं

- 44 जिले हैं कुल भाजपा संगठन के

- 25 जिलों में अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं

इनका कहना...

हमने तीन माह तक लम्बी संगठन चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से पूरा किया है। अभी दो-तीन दिन में बचे हुए मंडल व जिलों में भी नियुक्तियां हो जाएगी। जोधपुर शहर में भी अध्यक्ष का नाम दो दिन में सामने आ जाएगा। किसी प्रकार का विवाद नहीं है।

- राजेन्द्र गहलोत, प्रदेश चुनाव अधिकारी, भाजपा।

Updated on:
17 Dec 2019 10:59 pm
Published on:
17 Dec 2019 10:59 pm