
जोधपुर. सदर बाजार थानान्तर्गत भीतर घोड़ों का चौक के घांचियों का बास स्थित ज्वैलरी दुकान में अंगूठी खरीदने आया एक युवक वहां रखा एक कीमती मोबाइल चुराकर चलता बना। सीसीटीवी फुटेज से चोर का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार चौहाबो में सेक्टर 21 निवासी कपिल पुत्र श्याम सोनी की घांचियों का बास में श्याम ज्वैलर्स नामक दुकान है, जहां शुक्रवार को एक युवक अंगूठी खरीदने के लिए आया। दुकानदार उसे विभिन्न प्रकार की अंगूठियां दिखाने लगा। इस दौरान युवक ने दुकानदार की नजरें बचाकर काउंटर के पास रखा कीमती मोबाइल पर हाथ मार लिया। फिर वह बगैर अंगूठी खरीदे वहां से निकल गया। कुछ देर बाद ही दुकानदार ने मोबाइल ढूंढा, लेकिन वो नहीं मिला। उसे उस युवक पर संदेह हुआ। उसने अपने स्तर पर उसे तलाशने की कोशिश की। बाद में वह थाने पहुंचा व चोरी का मामला दर्ज कराया। वारदातस्थल के आस-पास के कैमरे खंगाले गए हैं, लेकिन फिलहाल युवक का पता नहीं लग पाया।