जोधपुर

कार-ट्रेलर की भिड़ंत, 3 बच्चों सहित चार की मृत्यु

- बाड़मेर रोड पर नारनाडी में रात 11.20 बजे हादसा, बच्चों की शिनाख्त नहीं
less than 1 minute read
Apr 29, 2021
कार-ट्रेलर की भिड़ंत, 3 बच्चों सहित चार की मृत्यु
कार-ट्रेलर की भिड़ंत, 3 बच्चों सहित चार की मृत्यु

जोधपुर.
बाड़मेर रोड पर नारनाडी गांव में पेट्रोल पंप के सामने बुधवार रात 11.20 बजे कार व ट्रक की भिड़ंत में कार में सवार तीन बच्चों सहित चार जनों की मृत्यु हो गई। ट्रेलर को छोड़ चालक व खलासी भाग गए।
बोरानाडा थानाधिकारी किशनलाल बिश्नोई ने बताया कि कार में सवार तीन बच्चे व एक युवक देर रात जोधपुर से बालोतरा की तरफ जा रहे थे। नारनाडी गांव में पेट्रोल पंप के सामने पहुंचने पर तेज रफ्तार कार की सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। पेट्रोल पंप व आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद एक-एक करके चारों को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक दो बच्चों की मौके हो चुकी थी। जबकि गंभीर घायल कार चालक व एक अन्य बालक को मथुरादास माथुर अस्पताल के लिए भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की भी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाए हैं। एसीपी (बोरानाडा) मांगीलाल भी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
मृतक चालक के पास जालोर जिले में रानीवाड़ा के पास धामसीन हाल डिगाड़ी निवासी महिपालसिंह पुत्र छैलसिंह का लाइसेंस मिला है। इनका यहां डिगाड़ी के विष्णु नगर में भी मकान है। छैलसिंह ठेकेदारी का कार्य करते हैं। तीनों बच्चों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। इनकी उम्र 3, 5 व दस साल की बताई जाती है।

Published on:
29 Apr 2021 01:32 am