
जोधपुर. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की सीनियर सैकेंडरी परीक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले प्रदेश के विश्वविद्यालयों व सरकारी कॉलेजों में शुरू हुई स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सरकारी कॉलेजों में 27 जून से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया के तहत 9 जुलाई तक प्रवेश आवेदन किए जा सकेंगे। फिलहाल राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बारहवीं पास अभ्यर्थी ही आवेदन कर रहे हैं। जानकारों का कहना है कि सीबीएसई का परीक्षा परिणाम आने से पहले न तो कोई प्रवेश सूची जारी होगी और न ही प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
कोविड के बाद कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने शैक्षणिक सत्र को पटरी पर जाने के लिए प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी, लेकिन सीबीएसई का परिणाम जारी नहीं होने के कारण इसका कोई फायदा होता नजर नहीं आ रहा। राजस्थान बोर्ड के छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र लेने के बावजूद अब कॉलेजों-विश्वविद्यालयों को सीबीएसई के परिणाम का इंतजार करना पड़ेगा।
देने पड़ेंगे दस दिन
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित नहीं किया है। परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए दस दिन का अतिरिक्त समय देना पड़ता है। इस साल सीबीएसई के दसवीं का परिणाम पहले जारी होने की उम्मीद है। ऐसे में बारहवी का परिणाम जुलाई के दूसरे पखवाड़े तक आएगा। इस हिसाब से पहली प्रवेश सूची के लिए अगस्त का इंतजार करना पड़ेगा। जबकि प्रदेश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में बीस जुलाई से कक्षाएं शुरू होनी है।
फैक्ट फाइल
- 373 सरकारी कॉलेज हैं प्रदेश में
- 10 हजार से अधिक सीटें है कॉलेजों में
- 4 सरकारी कॉलेज हैं जोधपुर शहर में
- 1800 से ज्यादा सीटें इन कॉलेजों में
इतनी सीटें जेएनवीयू में
- 5500 सीटें हैं जेएनवीयू में स्नातक प्रथम वर्ष में
- 640 सीटें बीए की सांयकालीन अध्ययन संस्थान में
- 1500 सीटें बीए की न्यू कैंपस में
- 760 सीटें ओल्ड कैंपस में बीकॉम की
- 400 से अधिक सीटें हैं बीएससी की न्यू कैंपस में
- 2360 सीटें हैं केएन कॉलेज में
- 1200 सीटें बीए की केएन काॅलेज में
- 760 सीटें बीकॉम की केएन कॉलेज में
- 360 सीटें बीएससी की केएन कॉलेज में
- 60 सीटें बीएससी होम साइंस की केएन कॉलेज में