
जोधपुर.
शहर के भीतर राखी हाउस के पास साइबर ठग ने एक व्यक्ति को झांसे में लेने के बाद बैंक खाते से 1.70 लाख रुपए निकाल लिए। सदर बाजार थाना पुलिस ने बैंक अधिकारियों व विशेषज्ञों से सम्पर्क कर 50 हजार रुपए रिफण्ड करवा लिए।
थानाधिकारी बंशीलाल ने बताया कि राखी हाउस क्षेत्र में सांडों की पोल निवासी महेन्द्र गोयल के पास गत दिनों एक व्यक्ति का फोन आया और खुद को उनका रिश्तेदार बताकर बातचीत करने लगा। महेन्द्र उसके झांसे में आ गए। ठग ने रिश्तेदार बताकर 20 हजार रुपए की जरूरत बताई तो ऑनलाइन खाते में रुपए जमा करा दिए। ऐसा करते ही ठग ने बैंक खाते की सारी जानकारी हासिल कर ली और अलग-अलग किस्तों में कुल 1.70 लाख रुपए ठग लिए। मोबाइल में संदेश आने पर उन्हें ठगी का पता लगा। उन्होंने घर में जानकारी दी। बैंक में शिकायत दी। पुत्र यश गोयल थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया। कम्प्यूटर ऑपरेटर व साइबर विशेषज्ञ कांस्टेबल महिपाल ने साइबर पोर्टल पर सम्पर्क किया और ठगों के खाते में जमा होने से पहले 49,999 रुपए होल्ड करवा लिए। जो बाद में खाते में रिफण्ड हो गए। शेष राशि भी रिफण्ड कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।