
बिलाड़ा (जोधपुर). सफाई कर्मचारी भर्ती 2018 के तहत स्वच्छता सैनिकों की भर्ती कस्बे में सफाई कार्य के लिए की गई थी लेकिन कई रसूखदार स्वच्छता सैनिकों ने अन्य विभागों में अपना पद स्थापन करवा लिया है। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बाधित हो रही है।
राज्य सरकार के स्वायत शासन विभाग के निदेशक एवं संयुक्त सचिव द्वारा जारी आदेशों की रसूखदार सफाई कर्मी धड़ल्ले से धज्जियां उड़ाते हुए कई महीनों से सफाई कार्य छोडकऱ अन्य विभागों में पद स्थापन करवा चुके हैं। चुनाव के नाम पर पदस्थापन करवा चुके इन स्वच्छता सैनिकों को कार्यमुक्त करने के लिए पालिका प्रशासन एवं पालिकाध्यक्ष ने कई बार संबंधित विभागाध्यक्षों को भी पत्र लिखा, बावजूद इसके यह रसूखदार स्वच्छता सैनिक कार्य मुक्त होकर यहां नगर पालिका में अपनी हाजिरी नहीं दे रहे हैं।
विभागीय आदेशों की उड़ा रहे धज्जियां
विभाग के निदेशक एवं संयुक्त सचिव ने 19 जुलाई 18 को आदेश निकाल कर प्रदेश के सभी आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारियों से कहा कि नगरीय निकाय क्षेत्र में गैर सफाई कार्य में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्य पर ही लगाया जाए। इन कार्मिकों को विशेष परिस्थितियों में गैर सफाई कार्य पर लगाया जाना हो तो ,उसके लिए पूर्व में निदेशालय से अनुमति प्राप्त करें।
निदेशक ने एक अन्य पत्र 8483/ 8666 के द्वारा फिर दोहराया कि चयनित सभी कर्मचारियों से सफाई का कार्य ही लिया जाए, वरना राजस्थान सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए चयनित सफाई कर्मचारी की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाएगा ।साथ ही सभी आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारियों को इन निर्देशों की कठोरता से पालना के लिए कहा गया।
15 रसूखदार स्वच्छता सैनिक अन्य सेवाओं में
नगर पालिका क्षेत्र की साफ सफाई के लिए राज्य सरकार ने 143 स्वच्छता सैनिकों को लॉटरी द्वारा नियुक्तियां दी। इन नियुक्तियों में वाल्मीकि समाज के अलावा ओबीसी वर्ग से भी कई लोगों को सफाई कर्मी के रूप में नियुक्तियां मिली। कई रसूखदारों ने नियुक्ति के समय से ही अपने प्रभाव से अन्य विभागों में पदस्थापन करवा कर लिया।
वर्तमान में 5 सफाईकर्मी उपखंड अधिकारी के कार्यालय में, 6 सफाईकर्मी तहसील कार्यालय में, एक सफाई कर्मी जोधपुर उपखंड कार्यालय में तथा एक सफाईकर्मी पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय में सेवा दे रहा है। इसके अलावा 1-1 कर्मचारी की सेवा पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय में एवं जोधपुर उपखंड कार्यालय में देने के लिए विभागाध्यक्षों की अनुशंसा नगर पालिका में आ चुकी है।
इन्होंने कहा
स्वच्छता सैनिकों द्वारा अन्य विभागों में पद स्थापन करवा लेने के मामले में अब तक पालिकाध्यक्ष ,पार्षद एवं वाल्मीकि समाज के लोग स्वायत्त शासन विभाग में दर्जनों शिकायतें भेज चुके हैं। मैंने भी संबंधित विभागाध्यक्षों से पत्र लिखकर इन सभी सफाईकर्मियों को कार्यमुक्त कर नगर पालिका भेजने का आग्रह किया है। जिसकी कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है।
-हरीशचंद्र गहलोत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बिलाड़ा